यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 01, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar Education: अब से स्कूलों में 75 प्रतिशत उपस्थिति पर ही मिलेगी परीक्षा में शामिल होने की अनुमति
बिहार में सरकारी मान्यता प्राप्त माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक स्कूलों में अब से 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य है। परीक्षा समिति की तरफ से साफ तौर पर कहा ...और पढ़ें

HighLights
- चिकित्सा के आधार पर उपस्थिति में कमी की मिली थी छात्रों को छूट
- जिस स्कूल में 11 सौ बच्चे, उसमें रक्षाबंधन के दिन केवल 15 उपस्थित
जागरण संवाददाता, पटना : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने राज्य के सरकारी मान्यता प्राप्त माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक स्कूलों में 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य कर दी है।
परीक्षा समिति ने हाल में 60 प्रतिशत से कम उपस्थिति वाले उम्मीदवारों के मामले में केवल चिकित्सा आधार पर उपस्थिति की कमी को माफ करने पर विचार करने की अधिसूचना जारी की थी। अब उसने अपने उक्त आदेश को रद कर दिया है।
अब से किसी भी मामले में नहीं मिलेगी छूट
नए आदेश के तहत राज्य के माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा नौवीं, 10 वीं , 11वीं व 12 वीं में पढ़ रहे विद्यार्थियों की न्यूनतम 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य है। नौवीं एवं 11 वीं की वार्षिक परीक्षाओं में उन्हीं विद्यार्थियों को शामिल होने की अनुमति दी जाएगी, जिनकी उपस्थिति न्यूनतम 75 प्रतिशत रहेगी।
परीक्षा समिति ने कहा कि हाल में 75 प्रतिशत से कम उपस्थिति वाले मामले में 60 प्रतिशत तक के मामलों तथा 60 प्रतिशत से नीचे के मामलों में छूट के संबंध में कुछ बिंदुओं का उल्लेख किया गया था, जिसे निरस्त कर दिया गया है।
अब किसी भी मामले में अथवा किसी भी परिस्थिति में 75 प्रतिशत से कम उपस्थिति में किसी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी।
रक्षाबंधन के दिन शत प्रतिशत रही शिक्षकों की उपस्थिति
शिक्षा विभाग द्वारा छुट्टी में कटौती के बाद रक्षाबंधन के दिन गुरुवार को प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक स्तर के स्कूल खुले रहे। विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति शत प्रतिशत रही, लेकिन विद्यार्थियों की संख्या बहुत कम थी। जिले के अधिकांश विद्यालयों का यही हाल रहा।
खबरें और भी
अधिकांश प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में मिड डे मील रिपोर्ट में बच्चों की उपस्थिति कम दिखी। उक्त रिपोर्ट को जिला शिक्षा कार्यालय को उपलब्ध करा दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार प्रारंभिक स्तर के स्कूलों में नामांकित बच्चों की तुलना में चार, छह, सात और 10 की संख्या में बच्चे स्कूल आए।
राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य पूनम कुमारी ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन और दिनों की तुलना में छात्राएं बहुत कम आई थीं, लेकिन सभी शिक्षक निर्धारित समय पर स्कूल में उपस्थित थे।
चिरैयाटांड़ उच्च माध्यमिक स्कूल के जीतेंद्र कुमार ने बताया कि यहां 11 सौ बच्चे नामांकित हैं। रक्षाबंधन के दिन मात्र 15 बच्चे स्कूल आए।
शहर के कुछ प्रमुख विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति
बांकीपुर बालिका उच्च विद्यालय - उपस्थिति 18, नामांकित विद्यार्थियों की संख्या 1387 l
राजकीय बालिका उच्च विद्यालय, गर्दनीबाग - उपस्थिति 30, नामांकित विद्यार्थियों की संख्या 1187 l
चिड़ैयाटांड़ उच्च माध्यमिक विद्यालय : उपस्थिति 15, नामांकित विद्यार्थियों की संख्या 1100 l
मिलर हाई स्कूल- उपस्थिति 12, नामांकित विद्यार्थियों की संख्या 963