पटना में राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान का हुआ शिलान्यास, हर साल 500 बेटियों को मिलेगी ट्रेनिंग
बिहार के बिहटा में राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (महिला), पटना के स्थायी परिसर का शिलान्यास किया गया। ...और पढ़ें
-1784848290491_m.webp)
सीएम ने किया शिलान्यास। (सोशल मीडिया)
HighLights
बिहटा में राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (महिला) का शिलान्यास।
युवतियों को गुणवत्तापूर्ण, रोजगारोन्मुखी कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
आधुनिक तकनीकों सहित प्रतिवर्ष 500 से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षण।
संवाद सूत्र, बिहटा। सिकंदरपुर स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (महिला), पटना के स्थायी परिसर का शिलान्यास गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय राज्य मंत्री जयन्त चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से किया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि कौशल विकास बिहार की प्रगति और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।
उन्होंने बताया कि यह संस्थान राज्य की बेटियों एवं युवतियों को गुणवत्तापूर्ण, रोजगारोन्मुखी एवं उद्योग-संगत प्रशिक्षण प्रदान करेगा, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देंगी।
उन्होंने भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार सरकार कौशल विकास के क्षेत्र में भारत सरकार के साथ पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
पीएम के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा भारत
केंद्रीय राज्य मंत्री जयन्त चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार विश्वस्तरीय कौशल अवसंरचना विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (एनएसटीआई), पटना का नया परिसर आधुनिक तकनीकों और उन्नत प्रयोगशालाओं के साथ प्रशिक्षण प्रदान करेगा, जिससे महिलाओं की रोजगार क्षमता बढ़ेगी। उन्होंने युवाओं से कौशल प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने इस परियोजना को बिहार एवं देश के कौशल विकास क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक पहल बताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह संस्थान महिला सशक्तीकरण और गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि यह परियोजना महिलाओं के लिए उत्कृष्ट कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करती है और बिहार को कौशल विकास के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में सहायक होगी।
महानिदेशालय के महानिदेशक दिलीप कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (महिला), पटना का नया परिसर लगभग 4 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा।
यह परिसर महिलाओं को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारोन्मुखी कौशल प्रशिक्षण प्रदान करेगा। यहां शिल्पकार प्रशिक्षण योजना और शिल्प अनुदेशक प्रशिक्षण योजना (सीआइटीएस) के अंतर्गत आधुनिक एवं पारंपरिक व्यवसायों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
नए परिसर में इलेक्ट्रिशियन, फिटर, इलेक्ट्रानिक मैकेनिक, फैशन डिजाइन, कास्मेटोलाजी, ड्रेस मेकिंग, कंप्यूटर साफ्टवेयर एप्लीकेशन, मैकेनिक डीजल और मैकेनिक मोटर व्हीकल जैसे पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, ड्रोन तकनीशियन, सोलर तकनीशियन, रेडियोलॉजी तकनीशियन और एआई एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट जैसे प्रौद्योगिकियों से संबंधित पाठ्यक्रम भी प्रारंभ किए जाएंगे।
इस प्रकार, यह संस्थान पारंपरिक कौशल एवं अत्याधुनिक तकनीकों का समन्वित केंद्र होगा, जहां प्रतिवर्ष 500 से अधिक महिला प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण देने की क्षमता विकसित की जाएगी।
अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, स्मार्ट कक्षाओं और अन्य आवश्यक सुविधाओं से युक्त यह परिसर प्रशिक्षुओं को उद्योग की मांग के अनुरूप दक्ष बनाकर रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
यह भी पढ़ें- दिल्ली प्रदर्शन पर राहुल गांधी को CM सम्राट चौधरी की नसीहत, बोले- लोकतांत्रिक मर्यादा का करें सम्मान