पाटलिपुत्र टाउनशिप का मास्टरप्लान तैयार, 81730 एकड़ भूमि होगी अधिग्रहित; जमीन की खरीद-बिक्री पर रोक हटी
पटना के पुनपुन और नौबतपुर में विकसित होने वाली पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप का विकास प्रारूप तैयार हो गया है। इसके साथ ही विशेष क्षेत्र में ...और पढ़ें
-1785596462103_m.webp)
मंत्री नीतीश मिश्रा और टाउनशिप का नक्शा। फाइल फोटो
HighLights
पाटलिपुत्र टाउनशिप का विकास प्रारूप तैयार, जमीन खरीद-बिक्री पर रोक हटी।
वर्ष 2047 तक विकसित होगी, 81 हजार एकड़ भूमि शामिल।
फतुहा में मल्टी मॉडल लाजिस्टिक पार्क का भी प्रस्ताव।
राज्य ब्यूरो, पटना। पटना शहर से सटे पुनपुन और नौबतपुर में विकसित की जाने वाली पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के विशेष क्षेत्र के विकास का प्रारूप तैयार कर लिया गया है।
नगर विकास एवं आवास विभाग ने शनिवार को पाटलिपुत्र टाउनशिप के विशेष क्षेत्र के लिए विकास योजना 2047 के प्रारूप की अधिसूचना जारी कर दी। इसके साथ ही इस टाउनशिप के विशेष क्षेत्र में जमीन की खरीद-बिक्री और हस्तांतरण पर लगी रोक हटा दी गई है।
विभागीय मंत्री नीतीश मिश्रा ने बताया कि विकास आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित बिहार शहरी आयोजना तथा विकास बोर्ड की 14वीं बैठक में इसका निर्णय लिया गया है।
अधिसूचित प्रारूप का राजपत्र (गजट) में प्रकाशन किया गया है, जिसके माध्यम से 60 दिनों की अवधि तक आमजन एवं संबंधित हितधारकों से आपत्तियां एवं सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे। प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों पर नियमानुसार विचार करने के उपरांत विकास योजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।
पटना के नौ प्रखंड विशेष क्षेत्र में शामिल, 2047 के विकास का बनेगा खाका
पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सेटेलाइट टाउनशिप को वर्ष 2047 को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जाएगा। राज्य सरकार लैंड पूल पालिसी और लैंड री-एडजस्टमेंट (भूमि पुनर्व्यवस्थापन) की मदद से शहरी सुविधाएं विकसित करेगी। इसके लिए पटना की 81 हजार 730 एकड़ जमीन टाउनशिप के विशेष क्षेत्र के लिए चुनी गई है।
इसमें पुनपुन और नौबतपुर नगर पंचायत के साथ 273 राजस्व ग्राम शामिल हैं। विशेष क्षेत्र में पटना के दायरे में पटना के नौ प्रखंड पुनपुन, फतुहा, संपतचक, धनरुआ, नौबतपुर, दनियावां, मसौढ़ी, पटना ग्रामीण और फुलवारीशरीफ आएगा।
वहीं, टाउनशिप का कोर एरिया (मध्य का इलाका) करीब तीन हजार आठ एकड़ का होगा जिसके दायरे में 19 राजस्व ग्राम आएंगे।
पटना रिंग रोड से जुड़ाव, दक्षिण-उत्तर बिहार तक आसान पहुंच
पाटलिपुत्र टाउनशिप बिहटा-सरमेरा नेशनल हाईवे (एनएच-131जी) या पटना रिंग रोड से जुड़ा होगा। इससे टाउनशिप से पटना सिटी, बिहटा, फतुहा और आसपास के इलाकों तक पहुंचना आसान होगा।
इसके अलावा आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे (एनएच-119डी) भी टाउनशिप से होकर गुजरेगा। इससे दक्षिण और उत्तर बिहार तक पहुंच आसान होगी। विशेष क्षेत्र के पास दानापुर रेलवे जंक्शन है। इसके अलावा तीन रेलवे स्टेशन और सात रेलवे हाल्ट भी इसके दायरे में हैं। जट डुमरी जंक्शन भी बनाए जाने का प्रस्ताव है।
खबरें और भी
फतुहा में लाजिस्टिक पार्क और फिनटेक सिटी
प्रारूप के अनुसार, फतुहा के जैतिया मौजा में करीब 103-105 एकड़ में मल्टी माडल लाजिस्टिक पार्क बनाए जाने का प्रस्ताव है। इसके अंतर्गत वेयरहाउस, कोल्ड स्टोरेज, मल्टीमाडल ट्रांसपोर्ट सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे व्यापार और रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विकसित और सुनियोजित बिहार के विज़न को साकार करने की दिशा में पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप एक महत्वपूर्ण पहल है। विश्वस्तरीय शहरी सुविधाओं, बेहतर कनेक्टिविटी, पर्यावरण-अनुकूल विकास और नागरिक-केंद्रित सुविधाओं के माध्यम से यह शहरी विकास माडल स्थापित करेगा। - नीतीश मिश्रा, मंत्री, नगर विकास एवं आवास विभाग