विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मां की गोद में 3 साल के मासूम की बेरहमी से हत्या, पटना के बाढ़ में दिल दहलाने वाली वारदात

Published: Mon, 07 Sep 2026 10:15 AM (IST)

पटना के बाढ़ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ लालपुरा गाँव में एक सनकी ने ...और पढ़ें

हमले में मारा गया बच्चा और आरोपित। सौ:ग्रामीण

हमले में मारा गया बच्चा और आरोपित। सौ:ग्रामीण

HighLights

  1. माँ की गोद में 3 वर्षीय मासूम चिंटू की हत्या।

  2. आरोपी श्याम सुंदर महतो ने कुंडी से किया हमला।

  3. भदौर पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार किया।

संवाद सहयोगी, बाढ़ (पटना)। भदौर थाना क्षेत्र अंतर्गत लालपुरा गांव में रविवार की सुबह एक बेहद हृदयविदारक और खौफनाक घटना सामने आई।

एक सनकी ने मां की गोद में खेल रहे 3 वर्षीय मासूम बच्चे की गर्दन पर कुंडी (बोड़ा उठाने वाला लोहे का हुक) मारकर हत्या कर दी। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10 बजे राजेश महतो का 3 वर्षीय छोटा बेटा चिंटू कुमार अपनी मां की गोद में था। इसी दौरान गांव के ही आरोपी श्याम सुंदर महतो ने अचानक मासूम पर हमला बोल दिया।

मां की आंखों के सामने मासूम पर जानलेवा हमला

आरोपी ने बच्चे की गर्दन पर बोड़ा उठाने वाली नुकीली कुण्डी से जोरदार वार किया, जिससे बच्चा बुरी तरह लहूलुहान हो गया। यह देखकर परिवार के लोग सन्न रह गए।

हमले के तुरंत बाद बदहवास स्वजन खून से लथपथ मासूम चिंटू को बचाने के लिए आनन-फानन में अस्पताल लेकर भागे। लेकिन घाव इतना गहरा था कि रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया।

अपनी आंखों के सामने कलेजे के टुकड़े की इस बेरहमी से हत्या होने के बाद मृत बच्चे के माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे लालपुरा गांव में मातम और अफरा-तफरी का माहौल है।

भदौर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही भदौर थाना पुलिस फौरन घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी श्याम सुंदर महतो को तुरंत हिरासत में ले लिया है।

पुलिस अब आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इस खौफनाक हत्या के पीछे की असली वजह या किसी आपसी रंजिश का पता लगाया जा सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले में आगे की विधि-सम्मत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।