विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ठगी के लिए सीखी मराठी और तेलुगू, पटना से देशभर में बिछाया जाल; युवती-नाबालिग सहित 5 गिरफ्तार

Published: Tue, 25 Aug 2026 08:44 PM (IST)

पटना में एक अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है, जिसमें एक नाबालिग और एक युवती सहित पांच लोग गिरफ्तार किए गए हैं।

पटना में साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश, युवती-नाबालिग सहित पांच गिरफ्तार (AI Generated Image)

पटना में साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश, युवती-नाबालिग सहित पांच गिरफ्तार (AI Generated Image)

HighLights

  1. पटना में अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार।

  2. निवेश तिगुना करने और लोन का झांसा देकर करते थे ठगी।

  3. पीड़ितों का भरोसा जीतने के लिए सीखी मराठी-तेलुगू भाषा।

जागरण संवाददाता, पटना। सोशल मीडिया पर विज्ञापन देकर देशभर के लोगों को अपने जाल में फंसाने वाले एक अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह के शातिरों को साइबर पुलिस पकड़ा है। राजा बाजार इलाके में छापामारी कर एक नाबालिग और एक युवती समेत कुल पांच साइबर शातिरों को दबोचा है।

पकड़ा गया गिरोह लोगों को निवेश की गई रकम तीन गुना करने का झांसा देकर लाखों रुपये की चपत लगा चुका था। इनके पास से पुलिस ने 55 हजार रुपये नकद, 12 मोबाइल फोन, 11 एटीएम कार्ड, छह पासबुक, दो राउटर, सिम कार्ड और लैपटाप बरामद किए हैं।

शातिर पीड़ितों को एक लिंक भेजते थे, जिस पर झांसे में आकर लोग लाखों रुपये ट्रांसफर कर देते थे। स्थानीय लोगों को आसानी से अपने जाल में फंसाने के लिए इन ठगों ने बाकायदा मराठी और तेलुगू भाषा भी सीखी थी। आरोपित भाषा के जरिए पीड़ितों का भरोसा जीतते थे।

इस गिरोह के खिलाफ बिहार समेत देश के कई अन्य राज्यों में दर्जनों मामले दर्ज हैं। साइबर थाना के डीएसपी देव आशीष हंस ने बताया कि पुलिस को राजाबाजार से संचालित हो रहे एक ऐसे गिरोह की सूचना मिली थी, जो देश भर में साइबर ठगी कर रहा था।

जांच के दौरान पता चला कि यह गिरोह बजाज और धानी फाइनांस से आसानी से लोन दिलाने का झांसा देकर इंटरनेट मीडिया पर विज्ञापन डालता था।

विज्ञापन में दिए गए नंबरों पर जब लोग लोन के लिए संपर्क करते थे, तो आरोपी उनसे दस्तावेज और अन्य निजी जानकारियां हासिल कर लेते थे। इसके बाद ठग पीड़ित को कंपनी में पैसे निवेश करने पर भारी मुनाफा कमाने का लालच देते थे।

कमीशन के लालच में गिरोह में शामिल होते थे युवा

तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर साइबर पुलिस ने सोमवार की रात राजा बाजार स्थित एक किराये के मकान में छापामारी की। वहां से शेखपुरा जिले के बरबीघा निवासी सचिन कुमार (सरगना), अभिषेक कुमार, सन्नी कुमार, नालंदा के बिंद थाना क्षेत्र की रहने वाली मोनिका पटेल उर्फ पटेल मोनिका और शेखपुरा के एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह पिछले छह महीनों से पटना में रहकर ठगी के इस धंधे को चला रहा था। शेखपुरा का सचिन कुमार इस पूरे गिरोह का मुख्य सरगना है।

सचिन युवाओं को तीन हजार रुपये महीने की तनख्वाह के साथ ठगी की रकम में मोटा कमीशन देने का लालच देकर अपने साथ जोड़ता था। फिलहाल, पुलिस गिरोह के अन्य कड़ियों को खंगालने में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इन्होंने अब तक कुल कितने लोगों से कितनी राशि की ठगी की है।