Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दरभंगा स्टेशन ब्लास्ट केस: पटना डीएम ने NIA कोर्ट में दी गवाही, विस्फोटक पार्सल का खुलासा

    Updated: Thu, 28 May 2026 06:07 AM (GMT+05:30)

    पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने दरभंगा रेलवे स्टेशन पर हुए बम धमाके के मामले में एनआईए की विशेष अदालत में गवाही दी। ...और पढ़ें

    पटना डीएम। फाइल फोटो

    पटना डीएम। फाइल फोटो

    HighLights

    1. पटना डीएम ने एनआईए कोर्ट में दी गवाही।

    2. दरभंगा बम धमाके में विस्फोटक पार्सल का उपयोग।

    3. पाकिस्तान से जुड़े मास्टरमाइंड का हुआ खुलासा।

    जागरण संवाददाता, पटना। दरभंगा रेलवे स्टेशन पर पार्सल उतारने के दौरान हुए बम धमाके के मामले में बुधवार को NIA की विशेष अदालत में पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम. ने गवाही दी। घटना के समय वे दरभंगा के जिलाधिकारी थे।

    NIA के विशेष न्यायाधीश विपिन कुमार की अदालत में उन्होंने विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोजन चलाने के लिए जारी स्वीकृति आदेश की पुष्टि की।

    डॉ. त्यागराजन ने अदालत को बताया कि 17 दिसंबर 2021 को हुए धमाके के समय वह दरभंगा के डीएम पद पर तैनात थे और उन्होंने विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के तहत अभियोजन स्वीकृति दी थी। उन्होंने अदालत में अपने हस्ताक्षरयुक्त स्वीकृति आदेश की पहचान भी की।

    विशेष लोक अभियोजक राम विनय सिंह ने बताया कि विस्फोटक सामग्री सिकंदराबाद से विशेष ट्रेन के जरिए पार्सल के रूप में दरभंगा भेजी गई थी।

    पार्सल उतारने के क्रम में प्लेटफार्म नंबर-2 पर जोरदार धमाका हुआ था। इससे रेलवे स्टेशन परिसर में अफरातफरी मच गई थी।

    मामले में मुख्य आरोपित ईमान मलिक, मोहम्मद नासिर खान, सलीम अहमद उर्फ हाजी सलीम और कफील अहमद फिलहाल न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं।

    पाकिस्तान से जुड़े थे तार

    वहीं, जांच एजेंसियों के अनुसार इस पूरे नेटवर्क का सरगना पाकिस्तान में छिपा इकबाल मोहम्मद उर्फ हाफिज इकबाल उर्फ काना है, जिसके निर्देश पर पार्सल बम भेजा गया था।

    जांच में खुलासा हुआ था कि आरोपित बड़े पैमाने पर विस्फोट कर जानमाल को क्षति पहुंचाने की साजिश रच रहे थे।

    गौरतलब है कि दरभंगा स्टेशन धमाका मामला सामने आने के बाद एनआईए ने इसे आतंकी साजिश मानते हुए जांच अपने हाथ में ली थी। जांच में कई राज्यों तक नेटवर्क के तार जुड़े पाए गए थे।

    यह भी पढ़ें- बिहार: कन्फर्म टिकट के बाद भी रातभर खड़े होकर की यात्रा, कोर्ट ने रेलवे पर ठोका जुर्माना; 4 साल बाद मिला न्याय 

    यह भी पढ़ें- दिल्ली से हावड़ा के बीच चलेंगी 2 जोड़ी नई स्पेशल ट्रेनें, आरा और बक्सर समेत इन स्टेशनों में ठहराव