मुजफ्फरपुर अग्निकांड के बाद प्रशासन का बड़ा एक्शन, पटना के 5 अस्पताल और 6 होटल होंगे सील
दिल्ली और मुजफ्फरपुर में आग की घटनाओं के बाद पटना अग्निशमन विभाग अलर्ट पर है। पांच अस्पतालों और छह होटलों को अग्नि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने पर स ...और पढ़ें

आरोग्य वर्धन अस्पताल। फोटो सोशल मीडिया
HighLights
दिल्ली, मुजफ्फरपुर अग्निकांड के बाद पटना विभाग अलर्ट।
पांच अस्पताल, छह होटल सील करने का आदेश जारी।
अग्नि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, पटना। दिल्ली में होटल अग्निकांड और ठीक अगले दिन मुजफ्फरपुर में प्रसाद अस्पताल अग्निकांड में कई लोगों की मौत के बाद अग्निशमन विभाग अलर्ट मोड में है।
शनिवार को अग्निशमन विभाग के डीआईजी मनोज कुमार नट ने बताया कि पांच अस्पताल और 6 होटलों को सील करने का आदेश जारी किया गया है।
अस्पतालों की सूची में एडवांस पटना सेंट्रल अस्पताल, आरोग्य वर्धन अस्पताल, पिनक्कल अस्पताल, श्यामा ट्रस्ट एंड रिसर्च एंड अस्पताल और एपेक्स अस्पताल शामिल है। इन सभी को नोटिस जारी किया गया था।
बावजूद इनके द्वारा मानकों को पूरा नहीं किया गया। वहीं होटलों की सूची मुख्यालय से रविवार को आएगी। छह होटल, रेस्टोरेंट शामिल है। अग्निशमन विभाग की टीम अगले दो दिनों में जिला प्रशासन के साथ मिलकर सील करने की कार्रवाई करेगी।
डीईजी ने बताया कि इसके अलावा अन्य कई अस्पताल और होटल-रेस्टोरेंट है, जिनके पास मानक पूरा करने का कम समय बचा है। समय पूरा होने और संतोषजनक जवाब देने के बाद उन्हें सील किया जाएगा।
ऑडिट के लिए नौ फायर स्टेशनों से 27 टीम गठित
उन्होंने बताया कि अस्पतालों और होटलों की आडिट बड़े पैमाने पर की जा रही है। आडिट करने के लिए नौ फायर स्टेशनों में 27 टीम बनाई गई है। अबतक 200 से अधिक होटल, गेस्ट हाउस, रेस्टोरेंट और अस्पतालों की ऑडिट किया जा चुका है।
मालूम हो कि इससे पहले 32 बड़े अस्पताल और 40 होटल, रेस्टोरेंट और गेस्ट हाउस को नोटिस भेजा जा चुका है। इन सभी को भी समय दिया गया है कि जल्द से जल्द मानकों को पूरा किया जाए।
खान ग्लोबल स्टडीज को भेजा गया नोटिस
DIG ने बताया कि कोचिंग संस्थानों पर भी विशेष नजर है। खान ग्लोबल स्टडीज में अग्निशमन मानकों का उल्लंघन के सवालों पर उन्होंने बताया कि उन्हें भी नोटिस दिया जा चुका है।
पूर्व में एसडीओ के साथ मिलकर जांच की गई थी। उस दौरान भी ऑडिट में कई सारी लापरवाही पाई गई थी। अगर नोटिस के बाद भी मानकों को पूरा नहीं किया गया तो इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।