विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में बाढ़ का खतरा बढ़ा: गंगा के चार केंद्रों पर पानी लाल निशान के पार, दियारा के निचले इलाकों में घुसा पानी

Published: Wed, 02 Sep 2026 12:20 PM (IST)

गंगा, पुनपुन और दरधा नदियों का जलस्तर बढ़ने से पटना में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है, गंगा चार केंद्रों ...और पढ़ें

HighLights

  1. गंगा चार केंद्रों पर खतरे के निशान से ऊपर।

  2. पुनपुन और दरधा नदियों का जलस्तर भी बढ़ा।

  3. दियारा, निचले इलाकों में पानी, पटना सिटी में जलजमाव।

जागरण संवाददाता, पटना। गंगा समेत पुनपुन और दरधा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि से दियारा और नदी किनारे के इलाकों में परेशानी बढ़ने लगी है।

बुधवार सुबह छह बजे जारी जलस्तर रिपोर्ट के अनुसार गंगा के मनेर, दीघा घाट, गांधी घाट और हाथीदह में पानी खतरे के निशान से ऊपर है।

सभी स्थानों पर जलस्तर बढ़ने का क्रम जारी है। फिलहाल शहरी पटना में बाढ़ का पानी नहीं फैला है, लेकिन दियारा व निचले क्षेत्रों में पानी पहुंचने लगा है।   

Flood 4

(पटना सिटी में जेपी गंगा पथ के नीचे फैला पानी।)

दीघा घाट पर खतरे के निशान से 35 सेमी ऊपर पानी

जल संसाधन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार दीघा घाट पर गंगा का जलस्तर 50.80 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 50.45 मीटर है।

यानी पानी 35 सेंटीमीटर ऊपर है। गांधी घाट पर जलस्तर 49.71 मीटर रहा, जो खतरे के निशान 48.60 मीटर से 1.11 मीटर अधिक है।

मनेर में 52.53 मीटर पानी दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 52 मीटर है। हाथीदह में भी 42.48 मीटर पानी खतरे के निशान 41.76 मीटर से ऊपर है। चारों केंद्रों पर जलस्तर बढ़ रहा है।

दानापुर दियारा में फैला पानी, चारा जुटाने में परेशानी

Flood 3

दानापुर दियारा के निचले इलाकों में गंगा का पानी फैलने लगा है। दियारा जाने वाले मार्ग पर भी पानी चढ़ गया है। ग्रामीण फिलहाल पलायन नहीं कर रहे हैं।

उनका कहना है कि दियारा में रहने का उन्हें अनुभव है और अभी स्थिति नियंत्रण से बाहर नहीं हुई है। हालांकि, पानी इसी तरह बढ़ता रहा तो परेशानी बढ़ सकती है। फिलहाल पशुओं के चारे की व्यवस्था को लेकर ज्यादा दिक्कत बताई जा रही है।
बख्तियारपुर के चिरैया रूपस, रूपस महाजी और हरदासपुर दियारा पंचायतों में भी गंगा के जलस्तर में धीरे-धीरे लगातार वृद्धि से ग्रामीणों की चिंता बढ़ी है।

ग्रामीणों के अनुसार पिछली बार की तुलना में इस बार पानी करीब एक हाथ अधिक बढ़ा हुआ महसूस हो रहा है। लोगों को आशंका है कि वृद्धि जारी रही तो बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है।

पुनपुन खतरे के निशान से ऊपर

पटना जिले में पुनपुन नदी भी चिंता बढ़ा रही है। श्रीपालपुर में पुनपुन का जलस्तर 52.58 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 50.60 मीटर है।

यहां भी जलस्तर बढ़ रहा है। किंजर में नदी 66.69 मीटर पर है और यहां भी वृद्धि जारी है। धनरुआ क्षेत्र में दरधा और पुनपुन नदी के उफान पर होने की सूचना है। हालांकि कहीं भी तटबंध टूटने की सूचना नहीं है।

Flood 2

पटना सिटी में प्रमुख सड़कें जलमग्न

बाढ़ के साथ-साथ पटना सिटी के कुछ हिस्सों में जलजमाव ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। वार्ड 66 के दीरा पर मोहल्ले का मार्ग पानी में डूब गया है।

इससे स्कूली बच्चों को श्री गुरु गोविंद सिंह स्कूल जाने में परेशानी हो रही है। मार्ग के किनारे रहने वाले लोगों को भी घरों में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।

नगर निगम की गाड़ी से मोहल्ले में जमा पानी निकालने का काम किया जा रहा है।पटना सिटी का प्रमुख श्री गुरु गोविंद सिंह पथ भी जलमग्न है। सड़क के गड्ढों में पानी भरने से वाहनों को हिचकोले खाने पड़ रहे हैं।

तटबंध सुरक्षित, नावें तैयार

जल संसाधन विभाग की रिपोर्ट में पटना शहरी सुरक्षा दीवार सहित संबंधित तटबंधों को सुरक्षित बताया गया है। दानापुर दियारा समेत संवेदनशील क्षेत्रों में कुछ नावें तैयार रखी गई हैं। एडीएम आपदा डीपी शाही के अनुसार राहत कार्य शुरू करने की आवश्यकता नहीं बताई गई है।कहां कितना पानी :

स्‍थान आज का जलस्तर खतरे का निशान स्थिति
मनेर 52.53 मीटर 52.00 मीटर बढ़ रहा
दीघा घाट 50.80 मीटर 50.45 मीटर बढ़ रहा
गांधी घाट 49.71 मीटर 48.60 मीटर बढ़ रहा
हाथीदह 42.48 मीटर 41.76 मीटर बढ़ रहा
पुनपुन-श्रीपालपुर 52.58 मीटर 50.60 मीटर बढ़ रहा
पुनपुन-किंजर 66.69 मीटर 65.00 मीटर बढ़ रहा
सोन-कोइलवर 54.50 मीटर 55.52 मीटर बढ़ रहा