नेपाल की बारिश से पटना में डराने लगी गंगा, 24 घंटे में करीब 1 मीटर बढ़ा जलस्तर; श्रद्धालुओं के लिए अलर्ट
नेपाल में वर्षा और ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों से पानी आने के कारण पटना में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। प्रशासन ने गंगा स्नान करने वाले बच्चों, युवा ...और पढ़ें
HighLights
पटना में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।
दीघा घाट पर 24 घंटे में 96 सेंटीमीटर की वृद्धि।
प्रशासन ने गंगा स्नान करने वालों से सतर्क रहने को कहा।
जागरण संवाददाता, पटना। नेपाल में वर्षा, कोसी क्षेत्र में बागमती में उफान के बाद अब ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों से पानी आने के कारण गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। 24 घंटे में दीघा घाट पर गंगा का जलस्तर 96 सेंटीमीटर बढ़कर 45.42 मीटर पर पहुंच गया।
इसी अवधि में गांधी घाट, मनेर और कोइलवर में भी जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गई है। दूसरी ओर, इससे अनजान बच्चे-युवा व श्रद्धालु गंगा स्नान कर रहे हैं। प्रशासन ने गंगा स्नान करने वालों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
बुधवार सुबह छह बजे जारी बाढ़ नियंत्रण एवं जल निकासी विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, दीघा घाट पर जलस्तर 45.42 मीटर दर्ज किया गया, जबकि यहां खतरे का निशान 50.45 मीटर है। मंगलवार को यह स्तर 44.46 मीटर था। यानी महज एक दिन में नदी करीब 96 सेंटीमीटर चढ़ गई।
गांधी घाट पर जलस्तर बढ़कर 45.16 मीटर हो गया है, जो खतरे के निशान 48.60 मीटर से 3.44 मीटर नीचे है। मनेर में जलस्तर 46.62 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का स्तर 52 मीटर है। हाथीदह में भी गंगा बढ़कर 36.94 मीटर पर पहुंच गई है।
खबरें और भी
सोन में भी बढ़ा पानी:
सोन नदी के कोइलवर गेज स्टेशन पर जलस्तर बढ़कर 46.92 मीटर हो गया है। हालांकि यह भी खतरे के निशान 55.52 मीटर से काफी नीचे है।
दूसरी ओर पुनपुन नदी का श्रीपालपुर और अरवल के किंजर गेज स्टेशन पर जलस्तर फिलहाल स्थिर बना हुआ है। जल संसाधन विभाग के अनुसार पटना शहरी सुरक्षा दीवार, दानापुर वितरणी तटबंध, देवना नाला और उसरी नाला के सभी तटबंध पूरी तरह सुरक्षित हैं।
घाटों पर बरतें विशेष सतर्कता:
गंगा में लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए घाटों की सीढ़ियां तेजी से पानी में डूब रही हैं। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से गहरे पानी में उतरने से बचने, बच्चों को अकेले घाट पर नहीं भेजने और नाव संचालन के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।