विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सावधान! पटना में नामी कंपनियों की Icecream में मिली भयंकर गंदगी, हजारों किलो एक्सपायरी माल नष्ट

Published: Mon, 26 Oct 2026 09:32 PM (IST)

पटना में खाद्य संरक्षा विभाग ने आइसक्रीम प्रतिष्ठानों पर छापामारी की, जहां गंदगी, एक्सपायर्ड सामग्री और बिना लेबल वाले उत्पाद पाए गए।

सावधान! पटना में नामी कंपनियों की Icecream में मिली भयंकर गंदगी

सावधान! पटना में नामी कंपनियों की Icecream में मिली भयंकर गंदगी

HighLights

  1. खाद्य विभाग ने पटना में आइसक्रीम प्रतिष्ठानों पर छापामारी कर गुणवत्ता जांची।

  2. गोल्डन डेयरी में 442 खराब आइसक्रीम और स्नो बॉल में एक्सपायर्ड सामग्री नष्ट।

  3. मदर डेयरी, क्रीम डेयरी में भी गंदगी, बिना लेबल वाले उत्पाद मिले।

जागरण संवाददाता, पटना। बच्चों से लेकर बड़ों तक की पसंद आइसक्रीम की गुणवत्ता से राजधानी में खिलवाड़ हो रहा है। कहीं फ्रोजन स्टोरेज में गंदगी मिली तो कहीं एक्सपायर्ड व बिना लेबल वाली खाद्य सामग्री। सोमवार को खाद्य संरक्षा विभाग की टीमों ने चार प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

जांच में गोल्डन डेयरी में 442 खराब आइसक्रीम तो स्नो बॉल आइसक्रीम यूनिट में 80,720 रुपये मूल्य की 260 किलो खाद्य सामग्री नष्ट की गई।

मदर डेयरी के स्टॉकिस्ट और क्रीम डेयरी आइसक्रीम निर्माता समेत अन्य प्रतिष्ठानों में फ्रोजन स्टोरेज में गंदगी, एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री व बिना जरूरी विवरण वाले उत्पाद पाए गए।

जांच के लिए नमूने लेने के साथ संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस दिया गया। निर्धारित अवधि में कमियां दूर नहीं करने पर लाइसेंस निलंबन से लेकर रद करने तक की कार्रवाई की जाएगी।

किस ब्रांड की आइसक्रीम में कैसी कमी:

गोल्डेन आइसक्रीम:

मेसर्स गोल्डन डेयरी प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड पाटलिपुत्र औद्योगिक क्षेत्र में फ्रोजन स्टोरेज में गंदगी, आर्टिफिशियल बटर, खराब पाई गई 244 पीस चोको बार और 198 पीस अमर बार आइसक्रीम मौके पर नष्ट, रोज व्हाइट का नमूना जांच के लिए लेकर सुधार नोटिस।

स्नो बॉल आइसक्रीम:

मनेर स्थित मेसर्स अनुज न्यूट्रिटेक प्राइवेट लिमिटेड की निर्माण इकाई में बिना लेबल का 100 किलोग्राम दूध पाउडर, 120 किलोग्राम एक्सपायर्ड मैंगो पल्प, 20 किलोग्राम एक्सपायर्ड ड्राइड ब्लैक करंट फ्रूट्स व 20 किलोग्राम चाकलेट सब्सिट्यूट नष्ट किया गया।

इनकी कुल मात्रा 260 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 80,720 रुपये बताई गई। सामग्री को गड्ढे में दबाकर मिट्टी और राख डालकर नष्ट किया गया।

उत्पादों के परिवहन के लिए उपयुक्त वाहन, इस्तेमाल किए जा रहे पानी की जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र और स्वच्छता संबंधी रिकार्ड भी नहीं थे।

मदर डेयरी आइसक्रीम:

अनीसाबाद स्थित मदर डेयरी के स्टॉकिस्ट मां भद्रकाली ट्रेडर्स के निरीक्षण में उत्पाद वितरण और सुरक्षित परिवहन से जुड़ी कमियां मिलीं। इनवाइस पर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआR) का नंबर अंकित नहीं था।

रेफ्रिजरेटेड वाहन के आवश्यक पंजीकरण संबंधी विवरण और कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं मिले। जांच के लिए फ्रोजन ग्रीन पीज का नमूना लिया गया। सात दिन में सुधार का नोटिस जारी।

क्रीम डेयरी आइसक्रीम:

खेमनीचक स्थित सलोनी एंटरप्राइजेज में क्रीम डेयरी आइसक्रीम उत्पादों पर बैच नंबर और निर्माण तिथि नहीं मिली। आइसक्रीम खुले में रखी गई थी और भंडारण की स्थिति भी असंतोषजनक थी।

प्रतिष्ठान में पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था, इस्तेमाल किए जाने वाले पानी की जांच रिपोर्ट और उपकरणों की संतोषजनक सफाई का अभाव था।

कर्मचारी निर्धारित पोशाक और हेडगार्ड में भी नहीं थे। उनके स्वास्थ्य प्रमाणपत्र भी नहीं मिले। इन कमियों के मद्देनजर आइसक्रीम की बिक्री पर रोक लगाई गई।

बिना बैच नंबर का 43 हजार का बटर जब्त:

स्नो बॉल आइसक्रीम एवं डेयरी उत्पादों से संबंधित कुम्हरार स्थित पापुलर स्नोमैन कोल्ड स्टोरेज के निरीक्षण में बैच नंबर अंकित नहीं होने के कारण 160 किलोग्राम बटर जब्त किया गया।

इसकी अनुमानित कीमत 43 हजार रुपये है। बटर व आइसक्रीम के नमूने जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।