जमीन के लिए पटना में एक और हत्या; 12 कट्ठा जमीन के लिए बहा खून, चाचा ने भतीजे को उतारा मौत के घाट
पटना में जमीन विवाद को लेकर दो हत्याएं हुईं। मोकामा के साहबेगपुर में मंगलवार को खेत से लौटते समय अजय यादव के बेटे राजीव कुमार (32) को उसके चचेरे भाई व ...और पढ़ें

घटनास्थल पर छानबीन करते पुलिस अधिकारी। जागरण
HighLights
मोकामा में जमीन विवाद में युवक की हत्या।
राजीव कुमार को कुदाल से काटकर मौत के घाट उतारा।
पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, गांव में तनाव।
संवाद सूत्र, मोकामा (पटना)। राजधानी में जमीन विवाद में मंगलवार को हत्या की दो घटनाओं से सनसनी फैल गई है। कुछ घंटों के अंतराल पर ये घटनाएं हुई हैं।
एक ओर अथमलगोला में जेठ ने महिला की गोली मारकर हत्या कर दी तो दूसरी ओर मोकामा में कुदाल से युवक को काट डाला।
मोकामा नगर के साहबेगपुर मोहल्ले में जमीन विवाद को लेकर दो सहोदर भाइयों के परिवारों के बीच खूनी झड़प हो गई।
हिंसक झड़प में कई जख्मी
इस हिंसक घटना में चाचा ने अपने ही भतीजे की कुदाल से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना में मृतक की मां, भाई और भांजा भी घायल हो गए हैं। गंभीर रूप से घायल महिला और एक युवक को पीएमसीएच रेफर किया गया है।
मोकामा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। घटनास्थल से कुदाल और ईंट भी बरामद किए गए हैं।
पटना से पहुंची एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। ग्रामीण एसपी और बाढ़ एसडीपीओ भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुटे रहे।
लंबे समय से चल रहा था जमीन का विवाद
जानकारी के अनुसार, साहबेगपुर मोहल्ले में करीब 12 कट्ठा जमीन को लेकर दो भाइयों विजय यादव और अजय यादव के बीच वर्षों से विवाद चल रहा था। मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे यह विवाद हिंसक रूप ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अजय यादव की पत्नी मंजू देवी उर्फ हीरा देवी अपने पुत्रों राजीव यादव, कृष्णा यादव और नाती आदित्य कुमार के साथ विवादित जमीन से गेहूं की फसल काटकर घर लौट रही थीं।
जैसे ही वे लोग घर के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए विजय यादव और उसके स्वजनों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले घर की छत से ईंटें बरसाईं, फिर कुदाल से हमला कर दिया।
अचानक हुए इस हमले में अजय यादव के स्वजनों को संभलने का मौका नहीं मिला। विजय यादव, उसकी पत्नी, दो पुत्रों और अन्य लोगों ने मिलकर सभी को बुरी तरह घायल कर दिया।
इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम
सूचना मिलते ही मोकामा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को मोकामा ट्रामा सेंटर भेजा। इलाज के दौरान अजय यादव के पुत्र राजीव कुमार (32 वर्ष) की मौत हो गई।
घटना में मृतक की मां मंजू देवी उर्फ हीरा देवी (65 वर्ष), भाई कृष्णा यादव (30 वर्ष) और सूर्यगढ़ा निवासी भांजा आदित्य कुमार (12 वर्ष) घायल हो गए।
प्राथमिक उपचार के बाद मंजू देवी को गंभीर हालत में पीएमसीएच रेफर किया गया, जबकि आदित्य कुमार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दूसरे पक्ष के विजय यादव, विक्रम यादव, मंजू देवी और विवेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। मामूली रूप से घायल विवेक यादव का इलाज भी ट्रामा सेंटर में कराया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार, बाढ़ एसडीपीओ रामकृष्ण और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ की। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
एहतियात के तौर पर मोकामा शहर में पुलिस गश्ती बढ़ा दी गई है। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।