विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में शराब पार्टी के बाद चार मौतों की गुत्थी उलझी, पांचवें गिलास ने बढ़ाया रहस्य; डॉक्‍टर ने द‍िए ये संकेत

Published: Mon, 31 Aug 2026 10:49 AM (IST)

बाढ़ में शराब पार्टी के बाद चार मौतों की जांच में पांचवें गिलास ने नया मोड़ ला दिया है, जिससे ...और पढ़ें

शराब कांड में मृत व‍िकास राम, श‍श‍ि कुमार, पंकज स‍िंंह और निशु कुमार। फाइल

शराब कांड में मृत व‍िकास राम, श‍श‍ि कुमार, पंकज स‍िंंह और निशु कुमार। फाइल

HighLights

  1. शराब पार्टी में चार लोगों की मौत की जांच जारी।

  2. घटनास्थल से मिला पांचवां गिलास, पुलिस तलाश में।

  3. पोस्टमार्टम में जहर की आशंका, एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार।

संवाद सहयोगी, बाढ़। शराब पार्टी के दौरान चार लोगों की मौत के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। घटनास्थल से मिले पांचवें गिलास ने जांच को नया मोड़ दे दिया है।

पुलिस अब उस पांचवें व्यक्ति की तलाश में जुटी है, जो घटना के समय मौके पर मौजूद था। पुलिस के अनुसार, पांचवां व्यक्ति शराब नहीं पी रहा था, लेकिन उसके गिलास में शराब रखी हुई थी।

इधर, पोस्टमार्टम के बाद प्रारंभिक जांच में चिकित्सक ने जहर की आशंका जताई है। हालांकि, जहर शराब में था या भोजन में, इसका स्पष्ट पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

मेडिकल ऑफिसर डॉ. अजय कुमार ने बताया कि मृतकों का विसरा सुरक्षित रख लिया गया है। इसे जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) भेजा जाएगा।

एफएसएल की रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि मौत किस तरह के जहरीले पदार्थ के कारण हुई और वह पदार्थ भोजन में था या शराब में।

पोस्टमार्टम में जहर की प्रथमदृष्टया आशंका

मेडिकल ऑफिसर डॉ. अजय कुमार ने एक न्यूज चैनल से बातचीत में बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान प्रथमदृष्टया जहर की संभावना सामने आई है।

हालांकि, अभी यह कहना संभव नहीं है कि जहरीला पदार्थ शराब के माध्यम से शरीर में पहुंचा या भोजन के जरिए।उन्होंने बताया कि विसरा को सुरक्षित रखा गया है।

एफएसएल जांच के बाद ही जहरीले पदार्थ की प्रकृति और उसके स्रोत का पता चल सकेगा। पुलिस भी रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

कृषि मंत्री ने कहा- दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलने के बाद कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतकों के स्वजन से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया और घटना पर दुख जताया।

मंत्री ने कहा कि इस गांव से उनका पुराना संबंध है और उन्होंने इसी गांव के स्कूल से शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि घटना बेहद दुखद है। मामले की जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पांचवां व्यक्ति कौन? पुलिस तलाश में जुटी

बाढ़ थानाध्यक्ष ब्रज किशोर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शराब पार्टी के दौरान चार नहीं, बल्कि पांच लोगों के मौजूद होने की बात सामने आई है।

घटनास्थल से शराब से भरा एक अतिरिक्त गिलास मिला है। पुलिस के अनुसार, पांचवां व्यक्ति शराब नहीं पी रहा था, लेकिन उसके गिलास में शराब रखी हुई थी।

चार लोगों की मौत के बाद पुलिस अब पांचवें व्यक्ति की तलाश कर रही है। उससे पूछताछ के बाद घटना के संबंध में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।

पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पार्टी में शराब और भोजन कहां से आया था तथा उसमें किसी तरह की मिलावट तो नहीं की गई थी।

मछली, रोटी और शराब की बोतल भी मिली

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटनास्थल से मछली, रोटी और शराब की बोतल भी बरामद की गई है। इन सभी वस्तुओं को जांच के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस इनके नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की तैयारी कर रही है।

ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग भोजन में जहरीला पदार्थ मिलाए जाने की आशंका जता रहे हैं। हालांकि, अभी तक मौत के कारण को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और एफएसएल की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का स्पष्ट पता चल सकेगा।

फिलहाल पुलिस पांचवें व्यक्ति की तलाश, घटनास्थल से मिले सामान की जांच और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

यह भी पढ़ें- पटना में शराब पार्टी बनी जानलेवा? एक साथ बैठकर पी रहे चार युवकों की मौत; मचा कोहराम