Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    NEET की छात्रा साइबर अपराधियों के निशाने पर, फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से प्रसारित की जा रहीं आपत्तिजनक तस्वीरें

    Updated: Wed, 08 Jul 2026 06:22 PM (IST)

    पटना में नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा साइबर अपराध का शिकार हो गई है, जहां अज्ञात व्यक्ति ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और ...और पढ़ें

    फर्जी प्रोफाइल बनाकर की जा रही हरकतें

    फर्जी प्रोफाइल बनाकर की जा रही हरकतें

    HighLights

    1. NEET छात्रा के नाम पर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनी।

    2. आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो प्रसारित कर बदनाम किया।

    3. पुलिस में शिकायत दर्ज, मामले की जांच जारी।

    जागरण संवाददाता, पटना। कंकड़बाग थाना क्षेत्र में किराये के मकान में रहकर नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा साइबर अपराध का शिकार हो गई है। किसी अज्ञात व्यक्ति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर छात्रा के नाम से फर्जी आईडी बनाकर उसे बदनाम करने की कोशिश की है।

    आरोप है कि इस फर्जी प्रोफाइल के जरिए छात्रा की एडिटेड तस्वीरें, फर्जी वीडियो और आपत्तिजनक संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं।

    घटना सामने आने के बाद छात्रा और उसके परिवार में चिंता का माहौल है। मामले को लेकर पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

    फर्जी प्रोफाइल बनाकर की जा रही हरकतें

    शिकायतकर्ता के अनुसार, छात्रा कंकड़बाग इलाके में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही है। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके नाम और पहचान का दुरुपयोग करते हुए सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट तैयार कर लिया।

    इसके बाद उस अकाउंट के माध्यम से भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री साझा की जाने लगी। परिजनों का कहना है कि इस घटना ने छात्रा को मानसिक रूप से काफी प्रभावित किया है।

    लगातार हो रही इस हरकत से परिवार भी परेशान है। मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की गई है।

    पढ़ाई पर पड़ा असर, परिवार ने लगाई न्याय की गुहार

    शिकायतकर्ता ने बताया कि बदनामी के डर और मानसिक तनाव के कारण छात्रा की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी में जुटी छात्रा इस घटना के बाद गहरे सदमे में है।

    परिवार ने मामले को गंभीर बताते हुए दोषी की पहचान और कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में साइबर सेल और स्थानीय थाने को फर्जी अकाउंट से जुड़ी जानकारी उपलब्ध करा दी गई है।

    पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही आरोपित की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

    साइबर अपराध को लेकर सतर्क रहने की जरूरत

    विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को परेशान करने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं।

    ऐसी स्थिति में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस और साइबर सेल को देनी चाहिए। सोशल मीडिया खातों की सुरक्षा के लिए मजबूत पासवर्ड और दो-स्तरीय सुरक्षा का इस्तेमाल जरूरी माना जाता है।

    साथ ही व्यक्तिगत जानकारी और तस्वीरों को सार्वजनिक मंचों पर साझा करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।

    पुलिस ने भी लोगों से सतर्क रहने और साइबर अपराध की सूचना तुरंत देने की अपील की है। मामले की जांच जारी है।

    खबरें और भी