बिहार पुलिस का Video Viral: एक बाइक पर चार सवार; लोगों ने पूछा- अब किसका कटेगा चालान?
राजधानी पटना में एक बाइक पर चार पुलिसकर्मियों का वीडियो वायरल हो रहा है, जिससे यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस के दोहरे रवैये पर सवाल उठ रहे हैं। ...और पढ़ें
HighLights
पटना में एक बाइक पर चार पुलिसकर्मी दिखे।
यातायात नियमों के उल्लंघन का वीडियो वायरल हुआ।
पुलिस के दोहरे रवैये पर लोगों ने सवाल उठाए।
डिजिटल डेस्क, पटना। राजधानी पटना में यातायात नियमों का पालन कराने वाली पुलिस ही अब सवालों के घेरे में आ गई है।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक ही बाइक पर चार पुलिसकर्मी सवार नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने पुलिस के दोहरे रवैये पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।
आमतौर पर पुलिस बिना हेलमेट बाइक चलाने, ट्रिपल लोडिंग, सीट बेल्ट नहीं लगाने और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करती है।
शहर के विभिन्न चौराहों पर रोजाना चालान काटे जाते हैं और लोगों को नियमों का पालन करने की नसीहत दी जाती है। ऐसे में जब पुलिसकर्मी खुद नियम तोड़ते दिखाई दें तो स्वाभाविक रूप से सवाल उठने लगे हैं।
एक बाइक पर चार पुलिसकर्मी
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बाइक चला रहा पुलिसकर्मी हेलमेट पहने हुए है, जबकि उसके पीछे तीन महिला पुलिसकर्मी बैठी हुई हैं। उनमें से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना हुआ है।
यानी एक ही बाइक पर कुल चार लोग सवार हैं, जो मोटर वाहन नियमों का स्पष्ट उल्लंघन माना जाता है। वीडियो में दिख रही बाइक का नंबर पटना का बताया जा रहा है।
हालांकि वीडियो कब का है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सोशल मीडिया पर इसे पाटलिपुत्र स्टेशन के आसपास का बताया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर आई प्रतिक्रियाओं की बाढ़
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने इसे लेकर व्यंग्यात्मक टिप्पणियां कीं।
एक यूजर ने वीडियो साझा करते हुए लिखा, चार पुलिसकर्मी एक बाइक पर थे। कानून भी साथ चलना चाहता था, लेकिन जगह ही नहीं बची। बिहार में पुलिस को पूरी छूट है। वीडियो तो यही बताता है, बाकी बिहार पुलिस ही ज्यादा बता सकती है।
अन्य यूजर्स ने भी सवाल उठाए कि जब आम लोगों पर ट्रिपल लोडिंग और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना लगाया जाता है, तो क्या ऐसे मामलों में पुलिसकर्मियों पर भी समान कार्रवाई होगी?
आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार
फिलहाल इस वायरल वीडियो को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वीडियो की सत्यता, स्थान और समय की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
हालांकि वीडियो ने सोशल मीडिया पर पुलिस की कार्यशैली और नियमों के समान पालन को लेकर नई बहस जरूर छेड़ दी है।