सितंबर में कब है जन्माष्टमी, तीज और गणेश चतुर्थी? ये है पूजा-पर्व की पूरी तारीख, 27 से पितृपक्ष शुरू
सितंबर माह में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, हरितालिका तीज और गणेश चतुर्थी सहित कई प्रमुख पर्व हैं। इस महीने विश्वकर्मा पूजा, राधाष्टमी भी होंगी, और पितृपक्ष 27 सितंबर से शुरू होगा।

चार सितंबर को मनेगी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
HighLights
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 4 सितंबर को मनाई जाएगी।
हरितालिका तीज और गणेश चतुर्थी 14-15 सितंबर को।
पितृपक्ष का आरंभ 27 सितंबर से होगा।
जागरण संवाददाता, पटना। सितंबर माह इस वर्ष धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से खास रहने वाला है। हिंदू पंचांग के अनुसार वर्ष के छठे महीने भाद्रपद में कई प्रमुख पर्व-त्योहार मनाए जाएंगे। इनमें श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, हरितालिका तीज, गणेश चतुर्थी और विश्वकर्मा पूजा प्रमुख हैं।
चार सितंबर को मनेगी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
भाद्रपद माह में चार सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जाएगी। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर मंदिरों और घरों में विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। श्रद्धालु व्रत रखकर भगवान श्रीकृष्ण की आराधना करेंगे।
14 सितंबर को हरितालिका तीज, साथ में चतुर्थी चंद्र
14 सितंबर को हरितालिका तीज एवं चतुर्थी चंद्र (चौरचन) का पर्व मनाया जाएगा। तीज को लेकर सुहागिन महिलाएं व्रत और पूजा करती हैं। वहीं चौरचन पर्व भी विशेष धार्मिक मान्यता के साथ मनाया जाता है।
15 सितंबर को गणेश चतुर्थी, घर-घर होगी गणपति पूजा
15 सितंबर को गणेश चतुर्थी मनाई जाएगी। इस अवसर पर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की जाएगी। श्रद्धालु सुख-समृद्धि और विघ्नों के निवारण की कामना के साथ गणपति की आराधना करेंगे।
17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा, 19 को राधाष्टमी
17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा और 19 सितंबर को राधाष्टमी मनाई जाएगी। विश्वकर्मा पूजा पर औजारों, मशीनों और कार्यस्थलों पर विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। राधाष्टमी पर राधारानी की आराधना का विशेष महत्व है।
25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी, अगले दिन अगस्त्य मुनि को तर्पण
25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी का पर्व मनाया जाएगा। इसके अगले दिन 26 सितंबर को अगस्त्य मुनि को तर्पण दिया जाएगा। ज्योतिष आचार्य पंडित राघव नाथ झा ने पंचांगों के हवाले से बताया कि भाद्रपद माह पूजा-पाठ और दान-पुण्य के लिहाज से विशेष माना जाता है।
27 सितंबर से शुरू होगा पितृपक्ष
पितरों को समर्पित पितृपक्ष का आरंभ 27 सितंबर से होगा। इससे पहले 26 सितंबर को अगस्त्य मुनि को तर्पण दिया जाएगा। पितृपक्ष के आरंभ के साथ लोग अपने पूर्वजों के निमित्त तर्पण, श्राद्ध और अन्य धार्मिक कर्मकांड करेंगे।
सितंबर के प्रमुख पर्व-त्योहार
- चार सितंबर – श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
- 11 सितंबर – कुशोत्पाटिनी (कुशग्रहणी) अमावस्या
- 14 सितंबर – हरितालिका तीज एवं चतुर्थी चंद्र (चौरचन)
- 15 सितंबर – गणेश चतुर्थी
- 16 सितंबर – ऋषि पंचमी
- 17 सितंबर – विश्वकर्मा पूजा
- 19 सितंबर – राधाष्टमी
- 23 सितंबर – हरिवासर व्रत (इंद्र पूजा)
- 25 सितंबर – अनंत चतुर्दशी
- 26 सितंबर – अगस्त्य मुनि को तर्पण
- 27 सितंबर – पितृपक्ष आरंभ
