TRE 4 को लेकर पटना में छात्रों का छात्र न्याय सत्याग्रह, शिक्षा मंत्री बोले- किसी भी वक्त आ सकता है नोटिफिकेशन
पटना में छात्रों ने TRE 4 नोटिफिकेशन जारी करने की मांग को लेकर 'छात्र न्याय सत्याग्रह' शुरू किया, सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया। शिक्षा मंत्री ने जल्द नोटिफिकेशन का आश्वासन दिया है।
HighLights
पटना में TRE 4 नोटिफिकेशन के लिए छात्रों का सत्याग्रह।
सरकार को 24 घंटे में विज्ञापन जारी करने का अल्टीमेटम।
शिक्षा मंत्री ने जल्द नोटिफिकेशन जारी होने का आश्वासन दिया।
डिजिटल डेस्क, पटना। TRE 4 (शिक्षक भर्ती परीक्षा) के नोटिफिकेशन जारी करने की मांग को लेकर मंगलवार को राजधानी पटना के गर्दनीबाग स्थित धरनास्थल पर छात्रों ने छात्र न्याय सत्याग्रह शुरू कर दिया।
छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी आंदोलन में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए जल्द से जल्द TRE 4 का नोटिफिकेशन जारी करने की मांग की है।
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना था कि शिक्षा मंत्री ने पहले 25 जुलाई तक TRE 4 का नोटिफिकेशन जारी होने की बात कही थी, लेकिन 18 अगस्त तक भी विज्ञापन जारी नहीं किया गया है।
शिक्षा मंत्री ने दिया जल्द नोटिफिकेशन का आश्वासन
इधर, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने TRE 4 के नोटिफिकेशन को लेकर अभ्यर्थियों को आश्वस्त किया है। उन्होंने कहा कि नोटिफिकेशन किसी भी समय जारी हो सकता है।
इससे पहले शिक्षा मंत्री ने राज्यपाल से मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि पहले जितनी वैकेंसी की सूचना दी गई थी, उससे अधिक पदों पर भर्ती की संभावना है।
शिक्षा मंत्री ने छात्रों से आंदोलन छोड़कर पढ़ाई पर ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि उनका उज्ज्वल भविष्य इंतजार कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि बीपीएससी ने भर्ती परीक्षा को लेकर पूरी तैयारी कर ली है।
24 घंटे में विज्ञापन जारी करने की मांग
मंत्री के आश्वासन के बावजूद अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी है। छात्रों का कहना है कि उन्हें अब सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि नोटिफिकेशन चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि 24 घंटे के भीतर विज्ञापन जारी नहीं किया गया तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
छात्रों का कहना है कि लंबे समय से शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी परीक्षा की प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। तारीख और नोटिफिकेशन को लेकर लगातार अनिश्चितता बनी रहने से उनकी तैयारी प्रभावित हो रही है।
पीटी-मेंस के बजाय एकल परीक्षा की मांग
आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने TRE 4 में प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) और मुख्य परीक्षा (मेंस) की व्यवस्था का भी विरोध किया है। छात्रों की मांग है कि शिक्षक भर्ती के लिए एकल परीक्षा आयोजित की जाए।
प्रदर्शनकारियों का तर्क है कि शिक्षक बनने के लिए अभ्यर्थियों से पहले ही बीएड, एसटीईटी और सीटीईटी जैसी परीक्षाएं ली जा चुकी हैं। ऐसे में शिक्षक भर्ती के लिए पीटी और मेंस की दोहरी परीक्षा व्यवस्था लागू नहीं की जानी चाहिए।
