रॉन्ग नंबर से शुरू हुई बात, प्यार में घर छोड़ पंजाब पहुंची पटना की लड़की; यूपी का युवक पुलिस के पहुंचते ही फरार
मनेर की 16 वर्षीय किशोरी रॉन्ग नंबर से मिले यूपी के युवक के प्यार में घर छोड़कर लुधियाना पहुंच गई। पुलिस ने तकनीकी जांच कर किशोरी को सकुशल बरामद कर लि ...और पढ़ें

यूपी के युवक के झांसे में आ गई पटना की लड़की। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
मनेर की किशोरी रॉन्ग नंबर से प्यार में पड़ी।
घर छोड़कर पंजाब के लुधियाना पहुंची नाबालिग।
पुलिस ने किशोरी को बचाया, आरोपी युवक फरार।
संवाद सूत्र, मनेर। थाना क्षेत्र से सटी एक पंचायत की 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी मोबाइल पर आए एक रॉन्ग नंबर के बाद उत्तर प्रदेश के एक युवक के संपर्क में आई।
दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गया। करीब एक वर्ष तक मोबाइल पर बातचीत के बाद किशोरी कथित प्रेमी से मिलने के लिए घर छोड़कर पंजाब के लुधियाना पहुंच गई।
बेटी के अचानक गायब होने से परेशान स्वजनों ने मनेर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। मोबाइल कॉल डिटेल और सर्विलांस की मदद से किशोरी के लुधियाना में होने की जानकारी मिली।
इसके बाद मनेर पुलिस की टीम ने वहां छापेमारी कर नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी युवक मौके से फरार हो गया।
एक साल पहले रॉन्ग नंबर से हुई थी पहचान
पुलिस के अनुसार, करीब एक वर्ष पहले मोबाइल पर रॉन्ग नंबर लगने के बाद किशोरी की उत्तर प्रदेश के कल्याणपुर तुलसीपुर निवासी मोहम्मद समीर से बातचीत शुरू हुई थी।
धीरे-धीरे दोनों के बीच लगातार बातचीत होने लगी और यह संबंध प्रेम प्रसंग में बदल गया। करीब तीन माह पहले किशोरी घर से निकलकर लुधियाना पहुंच गई, जहां युवक एक निजी कंपनी में काम करता था।
किशोरी के अचानक लापता होने के बाद स्वजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मनेर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष रजनीश कुमार के निर्देश पर एसआई अफसर अली के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। तकनीकी जांच और स्वजनों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस लुधियाना पहुंची और किशोरी को बरामद कर लिया।
न्यायालय में दर्ज कराया गया बयान
पुलिस ने बरामद नाबालिग का न्यायालय में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराया है। मामले में आरोपी युवक के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट समेत अन्य सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि नाबालिग को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसके स्वजनों को सौंप दिया गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।