विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना के मनेर में तिरंगा यात्रा के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग, 6 गिरफ्तार; चार हथियार और छह गोलियां बरामद

Published: Sun, 16 Aug 2026 08:44 PM (IST)

मनेर के खासपुर में तिरंगा यात्रा के दौरान वर्चस्व कायम करने के उद्देश्य से फायरिंग की गई, जिसमें पुलिस ने ...और पढ़ें

मनेर थाने में ग‍िरफ्तार क‍िए गए आरोप‍ित।

मनेर थाने में ग‍िरफ्तार क‍िए गए आरोप‍ित।

HighLights

  1. मनेर के खासपुर में तिरंगा यात्रा के दौरान फायरिंग।

  2. पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया, हथियार बरामद।

  3. एक विधि विरूद्ध बालक भी निरुद्ध, जांच जारी।

संवाद सूत्र, मनेर (पटना)। मनेर थाना क्षेत्र के खासपुर में शनिवार रात बाइक सवार 2 दर्जन लोगों द्वारा निकाले गए तिरंगा यात्रा के दौरान वर्चस्व कायम करने के उद्देश्य से एक दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग की गई।

सूचना मिलते ही मनेर पुलिस ने छापेमारी करते हुए आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया है। एक विधि विरूद्ध बालक भी निरुद्ध किया गया है।

पुल‍िस ने चार हथियार, 6 कारतूस, 4 मोबाइल एवं दो बाइक बरामद की है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्‍य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

फायरिंग के बाद मची अफरातफरी

जानकारी के अनुसार मनेर थाना क्षेत्र के खासपुर में कुछ लोगों द्वारा बाइक व अन्य वाहनों के साथ  तिरंगा यात्रा निकाली थी। इसमें 20-25 लोग शामिल थे।

यात्रा के दौरान उनमें से कुछ लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। इससे अफरातफरी मच गई। पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने खासपुर व छितनावां में छापेमारी करते हुए आधा दर्जन आरोप‍ितों को पकड़ा। 

सिटी एसपी पश्चिम संकेत कुमार ने बताया कि छितनावां खासपुर बाजार में दबदबा कायम व दहशतगर्दी को लेकर तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों के द्वारा हंगामे व फायरिंग की जानकारी म‍िली थी। 

एक आरोपित का आपराध‍िक इत‍िहास 

इसके बाद एसडीपीओ 2 अमरेंद्र कुमार झा के नेतृत्व में टीम का गठन कर कारवाई की गई। गिरफ्तार लोगों में सुअरमरवा के निखिल कुमार, छितनावां के संटू कुमार, सतीश कुमार और आकाश कुमार, खासपुर के जय वीरू कुमार एवं ब्रह्मचारी निवासी गोलू कुमार को गिरफ्तार किया गया।

इनमें से जय वीरू का आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर मनेर थाना में विभिन्न धाराओं में चार कांड पूर्व से दर्ज हैं। पुल‍िस मामले की पड़ताल कर रही है।