एक सांप के जहर से हारीं दो जिंदगियां? 24 घंटे में पटना के परिवार में दो लोगों की मौत से सनसनी
दानापुर के सरारी खेदलपुरा गांव में एक ही परिवार के दो सदस्यों की 24 घंटे के भीतर सर्पदंश से मौत हो गई। पहले चाचा की जान गई और उनके अंतिम संस्कार के दौ ...और पढ़ें

मृतक चाचा और भतीजी। फाइल फोटो
HighLights
एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत।
24 घंटे के भीतर सर्पदंश की घटना।
चाचा के अंतिम संस्कार के दौरान भतीजी को डसा।
संवाद सहयोगी, दानापुर। शाहपुर थाना क्षेत्र के सरारी खेदलपुरा गांव में सर्पदंश की एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
महज 24 घंटे के भीतर एक ही परिवार के दो सदस्यों की सांप के काटने से मौत हो गई। पहले चाचा की जान गई और उनके अंतिम संस्कार के दौरान घर में मौजूद भतीजी भी सर्पदंश का शिकार हो गई।
चाचा की मौत के बाद सदमे में था परिवार
लगातार दो मौतों से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं गांव में भी शोक और भय का माहौल व्याप्त है। नकारी के अनुसार, सरारी खेदलपुरा गांव निवासी मुन्ना महतो (46) को सोमवार को सांप ने काट लिया था।
परिजन उन्हें इलाज के लिए ले गए, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। मुन्ना महतो की मौत के बाद परिवार गहरे सदमे में था और अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटा हुआ था।
घर की सफाई के दौरान किशोरी को डसा सांप
परिजनों ने बताया कि मंगलवार को मुन्ना महतो के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान उनकी 13 वर्षीय भतीजी आरती कुमारी घर में झाड़ू लगाकर सफाई कर रही थी।
तभी अचानक एक सांप ने उसे डस लिया। आरती के चीखने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसकी हालत बिगड़ती देख तुरंत अस्पताल लेकर गए।
हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। आरती की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जो घर एक दिन पहले मुन्ना महतो की मौत का मातम मना रहा था, वहां दूसरी मौत ने सभी को झकझोर दिया।
खबरें और भी
अंतिम संस्कार से लौटे तो मिली दूसरी दुखद खबर
मृतका के रिश्तेदार करमवीर ने बताया कि परिवार के लोग मुन्ना महतो के अंतिम संस्कार में व्यस्त थे। इसी दौरान घर में मौजूद आरती सफाई कर रही थी और उसी समय सांप ने उसे काट लिया।
जब परिजन वापस लौटे तो उसकी तबीयत गंभीर हो चुकी थी। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
गांव में दहशत, वन विभाग ने किया सांप का रेस्क्यू
घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि एक ही परिवार में लगातार दो दिनों तक सर्पदंश की घटना ने सभी को चिंता में डाल दिया है।
करमवीर ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सांप का रेस्क्यू कर उसे अपने साथ ले गई।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
सूचना मिलने पर शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
वहीं, गांव में शोक की लहर है और मृतकों के स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाने और सर्पदंश से बचाव के उपायों को लेकर पहल करने की मांग की है।