PPU में एडमिशन के लिए आवेदन करने की डेट कल तक बढ़ी, 13 जून तक आएगी पहली मेरिट लिस्ट
पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय में चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 8 जून तक बढ़ा दी गई है। पहली मेधा सूची 13 जून को जारी होगी, जबकि ...और पढ़ें
-1780774091067_m.webp)
पटना पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय। फाइल फोटो
HighLights
PPU स्नातक आवेदन की अंतिम तिथि 8 जून तक बढ़ी।
पहली मेधा सूची 13 जून को होगी जारी।
आवेदन सुधार के लिए 9-10 जून को पोर्टल खुलेगा।
जागरण संवाददाता, पटना। पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय में चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए आवेदन की तिथि आठ जून तक बढ़ा दी गई है। अब तक विश्वविद्यालय को विभिन्न कोर्स में करीब एक लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं।
बीए इतिहास में सबसे अधिक 19, 845 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसके बाद बीएससी जूलाजी में 12, 219 तथा बीए राजनीति विज्ञान में 9, 666 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि भूगोल में 8, 233, हिन्दी में 7,903 और भौतिकी में 6,753 आवेदन प्राप्त हुए हैं। बीकाम में 2,966 आवेदन आए हैं।
विज्ञान संकाय में जूलाजी, फिजिक्स, बाटनी, गणित एवं रसायन विज्ञान में भी विद्यार्थियों की संख्या अच्छी है। नए कोर्स बीएससी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (सेल्फ फाइनेंस) में 180 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा उर्दू में 553, और संस्कृत में 171 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
13 जून को आएगी मेरिट लिस्ट
डीएसडबल्यू प्रो. राजीव रंजन ने कहा कि नामांकन प्रक्रिया के अगले चरण में मेरिट सूची जारी कर छात्रों को कॉलेज आवंटित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि समर्थ पोर्टल के माध्यम से विभिन्न विषयों में नामांकन के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि आठ जून निर्धारित है।
उन्होंने नामांकन के इच्छुक छात्र-छात्राओं को समय रहते समर्थ पोर्टल के माध्यम से शीघ्र आवेदन जमा करने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि पहली मेधा सूची 13 जून को प्रकाशित की जाएगी।
छात्रों द्वारा आवेदन करते समय हुई त्रुटियों में सुधार करने के लिए नौ और 10 जून को पोर्टल खोला जाएगा। कुलसचिव प्रो. अबू बकर रिजवी ने बताया कि सरकार द्वारा विश्वविद्यालय अंतर्गत नवस्थापित प्रखंड डिग्री कॉलेज में भी बड़ी संख्या में स्थानीय छात्र-छात्राओं के आवेदन प्राप्त हो रहे हैं।