बिहार में नए फुल टाइम DGP की रेस शुरू, प्रीता वर्मा बनी रहेंगी कार्यवाहक डीजीपी
बिहार में वर्तमान डीजीपी विनय कुमार के मुख्य सूचना आयुक्त बनने के बाद अब पूर्णकालिक डीजीपी की तलाश शुरू हो गई है।

आईपीएस अधिकारी प्रीता वर्मा। (सोशल मीडिया)
HighLights
विनय कुमार के मुख्य सूचना आयुक्त बनने से डीजीपी पद खाली।
प्रीता वर्मा वर्तमान में बिहार की कार्यवाहक डीजीपी हैं।
स्थायी डीजीपी के चयन तक प्रीता वर्मा ही पद संभालेंगी।
राज्य ब्यूरो, पटना। छुट्टी पर चल रहे वर्तमान डीजीपी विनय कुमार के मुख्य सूचना आयुक्त बनाए जाने के निर्णय के बाद अब फुल टाइम डीजीपी की रेस शुरू हो गई है।
पिछले दस दिनों से विनय कुमार की जगह 1991 बैच की आईपीएस अधिकारी प्रीता वर्मा प्रभारी डीजीपी की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। राज्य सरकार ने पांच अक्टूबर तक उन्हें डीजीपी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, अभी कार्यवाहक डीजीपी के नाम की घोषणा होने की ही अधिक संभावना है। स्थायी डीजीपी के चयन तक प्रीता वर्मा ही कार्यवाहक डीजीपी का पद संभाल सकती हैं।
नए डीजीपी के लिए राज्य सरकार के स्तर से 30 साल से अधिक की सेवा पूरी कर चुके डीजी रैंक के अफसरों का पैनल केंद्र को भेजा जा चुका है।
केंद्र सरकार के स्तर से यूपीएससी से विचार-विमर्श के बाद अंतिम तीन नाम राज्य सरकार को भेजे जाएंगे जिसमें से किसी एक को फुल टाइम डीजीपी बनाया जाएगा।
इसमें अभी समय लगने की संभावना है। प्रीता वर्मा वर्तमान में सबसे सीनियर आइपीएस अधिकारी हैं, इसी वरीयता के आधार पर उन्हें प्रभारी डीजीपी की जिम्मेदारी सौंपी गई हैं।
यह भी पढ़ें- कौन हैं DGP विनय कुमार? बिहार के मुख्य सूचना आयुक्त बनने की चर्चा, सम्राट-तेजस्वी की बैठक में बनी सहमति
