विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Kacche Kele Ki Sabzi Recipe: चावल के आटे में लपेटकर बनाएं कच्चे केले की चटपटी सब्जी, स्वाद ऐसा कि उंगलियां चाटते रह जाएंगे

Published: Sat, 22 Aug 2026 08:43 PM (IST)

अनिसाबाद निवासी रंजना कुमारी ने कच्चे केले की चटपटी सब्जी बनाने की विधि बताई है, जिसमें केले को चावल के ...और पढ़ें

मसालेदार ग्रेवी वाली केला की सब्जी

मसालेदार ग्रेवी वाली केला की सब्जी

HighLights

  1. कच्चे केले को चावल के आटे के घोल में लपेटकर तलें।

  2. यह विधि सब्जी को खास स्वाद और बनावट प्रदान करती है।

  3. मसालेदार ग्रेवी के साथ गरमागरम परोसें, पारंपरिक स्वाद का आनंद लें।

जागरण संवाददाता, पटना। घर के पारंपरिक व्यंजनों में कच्चे केले की सब्जी का स्वाद अलग ही होता है। मसालों और खास तरीके से तैयार की गई यह सब्जी स्वादिष्ट होने के साथ बेहद आसान भी है। अनिसाबाद निवासी रंजना कुमारी ने बताया कि केले के टुकड़ों को चावल के आटे के घोल में लपेटकर तलने से इसका स्वाद और भी खास हो जाता है।

ये सामग्री रखें तैयार

कच्चे केले की सब्जी बनाने के लिए कच्चे केले, चावल का आटा, सरसों, लहसुन, टमाटर, हल्दी, नमक, लाल मिर्च पाउडर, हरी धनिया और आवश्यकतानुसार तेल व पानी की जरूरत होगी। चाहें तो स्वाद के अनुसार अन्य मसालों का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

सबसे पहले ऐसे तैयार करें केला

कच्चे केले को दो भागों में काटकर उसका छिलका उतार लें। इसके बाद केले को पतले-पतले स्लाइस में काट लें और कुछ देर पानी में रख दें।

फिर एक बर्तन में चावल के आटे का पतला घोल तैयार करें। इसमें हल्दी, नमक और लाल मिर्च पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें।

चावल के आटे की कोटिंग से आएगा खास स्वाद

अब केले के टुकड़ों को तैयार घोल में अच्छी तरह लपेट लें। कड़ाही में तेल गर्म करें और इन टुकड़ों को सुनहरा होने तक तल लें। चावल के आटे की हल्की परत केले को अलग स्वाद और बनावट देती है, जिससे सब्जी और भी स्वादिष्ट बनती है।

अब तैयार करें मसालेदार ग्रेवी

दूसरी कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म कर सरसों और लहसुन डालकर भूनें। इसके बाद हल्दी और लाल मिर्च पाउडर डालें।

मसाला भुनने लगे तो कटे हुए टमाटर डालकर अच्छी तरह पकाएं। आवश्यकतानुसार पानी मिलाकर हल्की ग्रेवी तैयार कर लें।

तले केले डालें और गरमागरम परोसें

तैयार ग्रेवी में तले हुए केले के टुकड़े डालकर कुछ देर पकाएं, ताकि मसालों का स्वाद अच्छी तरह मिल जाए। अंत में हरी धनिया से सजाएं।

तैयार कच्चे केले की चटपटी सब्जी को गरमागरम चावल, चूड़ा या पराठे के साथ परोसें और पारंपरिक स्वाद का आनंद लें।