Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    '2 सेकेंड का खेल', पटना में RJD MLA के भाई की चेन लेकर CCTV में कैद हुए बदमाश

    Updated: Fri, 15 May 2026 05:37 PM (IST)

    राजधानी पटना में RJD विधायक राहुल कुमार के भाई रोहित कुमार से चेन स्नैचिंग की घटना हुई। बाइक सवार दो बदमाशों ने कंकड़बाग में वारदात को अंजाम दिया, जो ...और पढ़ें

    CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

    CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

    डिजिटल डेस्क, पटना। राजधानी पटना में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। इस बार राष्ट्रीय जनता दल (RJD) विधायक राहुल कुमार के भाई रोहित कुमार बदमाशों के निशाने पर आ गए।

    कंकड़बाग थाना क्षेत्र स्थित साईं मंदिर के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और कुछ ही सेकेंड में फरार हो गए।

    घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।

    CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

    घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि बाइक पर सवार दो युवक तेजी से आते हैं, रोहित कुमार के पास पहुंचते हैं और चेन छीनकर फरार हो जाते हैं।

    घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले अपराधी मौके से निकल चुके थे। अब पुलिस इसी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान में जुटी है।

    पुलिस ने शुरू की जांच

    घटना की जानकारी मिलते ही कंकड़बाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

    पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि अपराधियों की लोकेशन और भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

    कंकड़बाग थानाध्यक्ष अभय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला चेन स्नैचिंग का लग रहा है।

    दो अपराधियों के शामिल होने की बात सामने आई है और जल्द ही उनकी पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

    राजधानी में बढ़ रहे स्नैचिंग के मामले

    पटना में पिछले कुछ महीनों के दौरान चेन स्नैचिंग और सड़क लूट की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है।

    खासकर बाइक सवार अपराधी राह चलते लोगों और महिलाओं को निशाना बना रहे हैं।

    शाम के समय कई इलाकों में ऐसी घटनाएं सामने आने के बाद लोगों में भय का माहौल है। पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

    पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

    इससे पहले शास्त्रीनगर इलाके में भी एक दंपती से स्नैचिंग की घटना हुई थी। हालांकि उस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।

    अब कंकड़बाग की इस घटना के बाद एक बार फिर राजधानी में कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

    स्थानीय लोग पुलिस से लगातार गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।