यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 27, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar Politics: शराबबंदी की आलोचना कर घिरे MLC सुनील सिंह, तेजस्वी यादव की भी कराई किरकिरी
Bihar Politics News सदन में वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट पर वाद-विवाद के दौरान सुनील ने शराबबंदी के उल्लंघन को लेकर कटु टिप्पणी की थी। इस पर नीरज ने वि ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, पटना। विधान परिषद में मंगलवार को भोजनावकाश के बाद शराबबंदी की आलोचना कर राजद के मुख्य सचेतक सुनील सिंह घिर गए। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की भी किरकिरी करा दी। पूर्व मंत्री एवं जदयू एमएलसी नीरज कुमार ने सुनील की टिप्पणी तीखा पलटवार किया।
उन्होंने सुनील की शराबबंदी को लेकर आलोचना करने पर सभापति देवेश चंद्र ठाकुर से अनुमति लेकर जमकर राजद पर पलटवार किया।
दरअसल, सदन में वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट पर वाद-विवाद के दौरान सुनील ने शराबबंदी के उल्लंघन को लेकर कटु टिप्पणी की थी। इस पर नीरज ने विपक्ष को जमकर ललकारा। उन्होंने राजद के पूर्व एमएलसी रामबली सिंह चंद्रवशी द्वारा पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर शराब पीने के लगाए गए आरोप का उदाहरण देते हुए आईना दिखाया।
'तेजस्वी यादव पर शराब पीने का आरोप...'
यही नहीं, सच्चाई उजागर करने वाले अति पिछड़ा समाज के रामबली सिंह चंद्रवंशी की विधान परिषद की सदस्यता समाप्त करने को लेकर घेरा। नीरज ने कहा कि विधान मंडल में राजद द्वारा शराबबंदी का समर्थन किए जाने के बावजूद पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर शराब पीने का आरोप कोई और नहीं राजद के नेता लगा रहे हैं। इससे ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण और क्या हो सकता है।
नीरज ने कहा कि दुखद पक्ष यह है कि आरोप लगाने वाले अति पिछड़ा समाज के विधान पार्षद की सदस्यता भी सुनील सिंह के अनुरोध पर ही समाप्त हुई है। इससे पहले सुनील ने राज्य में शराबबंदी को फेल बताते हुए एक-एक पंचायत में शराब की बिक्री को लेकर कई गंभीर प्रश्न खड़े किए थे। सुनील के आरोप पर भाजपा के अनिल शर्मा ने सख्त आपत्ति जताते हुए सभापति से समय मांगा लेकिन अनुमति नहीं मिली।