'अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे राहुल गांधी'; पीएम आवास के बाहर प्रदर्शन पर संजय झा का तीखा हमला
जेडीयू नेता संजय झा ने नीट पेपर लीक मामले पर पीएम आवास के बाहर विपक्ष के प्रदर्शन को अराजकता फैलाने का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि सरकार संसद में चर ...और पढ़ें

राहुल गांधी पर संजय झा ने चलाए शब्दबाण। फाइल
HighLights
संजय झा ने राहुल गांधी के प्रदर्शन को अराजकता बताया।
नीट पेपर लीक पर विपक्ष संसद से भाग रहा।
सरकार संसद में चर्चा को पूरी तरह तैयार।
डिजिटल डेस्क, पटना। नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के पास विपक्ष के प्रदर्शन और हंगामे पर JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
उन्होंने कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि संसद में चर्चा से बचकर सड़क पर हंगामा करना लोकतांत्रिक विरोध नहीं, बल्कि अराजकता फैलाने की कोशिश है।
संजय झा ने मंगलवार को अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर पोस्ट कर कहा कि किसी भी परीक्षा का पेपर लीक होना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय और राज्य स्तर की विभिन्न परीक्षाओं में दशकों से पेपर लीक की घटनाएं होती रही हैं और इसे रोकने के लिए कड़े कानून तथा मजबूत व्यवस्था की आवश्यकता है।
उन्होंने लिखा कि हालिया नीट पेपर लीक मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट कर दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है और जांच जारी है।
'संसद में चर्चा के लिए सरकार तैयार'
संजय झा ने कहा कि इस समय संसद का मानसून सत्र चल रहा है और केंद्र की एनडीए सरकार नीट पेपर लीक सहित शिक्षा और परीक्षा प्रणाली से जुड़े सभी मुद्दों पर संसद में चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने दावा किया कि यह बात विपक्ष के नेता राहुल गांधी को भी स्पष्ट रूप से बता दी गई है।
'सड़क पर हंगामा समाधान नहीं, राजनीति'
जदयू नेता ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद विपक्ष संसद में अपनी बात रखने के बजाय प्रधानमंत्री आवास के निकट सड़क पर प्रदर्शन और हंगामा कर रहा है। उन्होंने कहा कि इसे लोकतांत्रिक विरोध का तरीका नहीं कहा जा सकता।
उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, संसद में चर्चा से भागकर सड़क पर हंगामा करना बताता है कि विपक्ष की मंशा समाधान की नहीं, सिर्फ राजनीति की है।
'जनता सब समझ रही है'
संजय झा ने अपने बयान के अंत में कहा कि उन्हें विश्वास है कि देश की जनता विपक्ष की मंशा को भली-भांति समझ रही है और लोकतांत्रिक संस्थाओं की बजाय सड़क पर टकराव की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी।