Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    चार राउंड फायरिंग... तीन घायल, सिपाही निलंबित; अब बिहार पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल- आखिर लगी किसकी गोली?

    Updated: Mon, 27 Jul 2026 06:49 PM (GMT+05:30)

    सिवान के जेपी चौक पर 25 जुलाई को हुई हवाई फायरिंग के बाद तीन युवक घायल मिले, जिससे पुलिस के सामने सवाल खड़ा हो गया है। सिपाही अभिषेक कुमार को निलंबित ...और पढ़ें

    हवाई फायरिंग के बाद तीन युवक घायल

    हवाई फायरिंग के बाद तीन युवक घायल

    HighLights

    1. सिवान में हवाई फायरिंग के बाद तीन युवक घायल मिले।

    2. सिपाही अभिषेक कुमार निलंबित, विभागीय जांच शुरू की गई।

    3. पुलिस घायलों के बयानों से घटना की गुत्थी सुलझा रही है।

    राज्य ब्यूरो,पटना। सिवान शहर के जेपी चौक पर 25 जुलाई को हुई फायरिंग की घटना ने पुलिस के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के अनुसार, भीड़ को नियंत्रित करने और जान-माल व सरकारी संपत्ति की सुरक्षा के लिए तैनात सिपाही अभिषेक कुमार ने अपनी रायफल से चार राउंड हवाई फायर किए थे।

    घटना के बाद सिपाही को निलंबित कर दिया गया है और उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। लेकिन इसी बीच तीन युवकों के घायल होने से पूरे मामले की तस्वीर उलझ गई है।

    हवाई फायरिंग के बाद तीन युवक घायल, लेकिन गोली किसकी?

    पुलिस का कहना है कि सिपाही की ओर से की गई हवाई फायरिंग में मौके पर मौजूद भीड़ के किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।

    दूसरी ओर, घटना के दौरान 17 वर्षीय मो. आरिफ, 22 वर्षीय आकाश कुमार और 20 वर्षीय बुलेट कुमार गौड़ के घायल होने की बात सामने आई है।

    सबसे अहम बात यह है कि तीनों युवक जेपी चौक से करीब डेढ़ से दो किलोमीटर दूर अलग-अलग स्थानों पर घायल मिले। ऐसे में पुलिस के सामने अब यह पता लगाना चुनौती है कि तीनों युवकों को चोट कैसे लगी।

    जेपी चौक से दूर अलग-अलग जगहों पर मिले घायल

    पुलिस के अनुसार, तीनों घायलों को अलग-अलग स्थानों से बरामद कर इलाज के लिए सिवान सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

    वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना के मेदांता अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने तीनों की हालत खतरे से बाहर बताई है। मो. आरिफ को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई है।

    तीन घायलों के बयान से खुलेगा घटना का राज

    तीनों युवकों के बयान के आधार पर सिवान नगर थाने में तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। अब पुलिस इन बयानों के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

    खबरें और भी

    जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि तीनों युवक घटना के समय कहां थे और किस परिस्थिति में घायल हुए। पुलिस फायरिंग के दौरान मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।

    सिपाही निलंबित, विभागीय जांच भी शुरू

    घटना में हवाई फायर करने वाले सिपाही अभिषेक कुमार के खिलाफ पुलिस मुख्यालय ने कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया है।

    उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। पुलिस मुख्यालय के अनुसार, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सिपाही ने चार राउंड हवाई फायर किए थे।

    अब विभागीय जांच में फायरिंग की परिस्थितियों और सिपाही की कार्रवाई की भी समीक्षा की जाएगी।

    जांच के बाद ही साफ होगी फायरिंग की पूरी तस्वीर

    फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि हवाई फायरिंग से कोई घायल नहीं हुआ तो तीन युवक किस परिस्थिति में घायल हुए।

    क्या तीनों की चोटें फायरिंग से जुड़ी हैं या घटना के दौरान कोई और वजह सामने आई थी? पुलिस इन सभी बिंदुओं की जांच कर रही है।

    तीनों घायलों के बयान, प्राथमिकी और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर ही फायरिंग की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

    यह भी पढ़ें- बिहार बंद हिंसा: सिवान में AK-47 से फायरिंग करने वाला पुलिस कर्मी सस्‍पेंड, विभागीय जांच शुरू