यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 25, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar Sixth Phase Voting: बिहार में छठे चरण का मतदान खत्म, 55.45 प्रतिशत हुई वोटिंग, पश्चिम चंपारण रहा अव्वल
लोकसभा चुनाव के छठे चरण के तहत शनिवार को बिहार की 8 सीटों पर मतदान हुआ। शाम छह बजे तक 55.45 प्रतिशत वोटिंग हुई। छठे चरण में पश्चिम चंपारण वाल्मीकिनगर ...और पढ़ें

HighLights
- लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में 55.45 प्रतिशत हुई वोटिंग
- 2019 लोकसभा चुनाव के तुलना में लगभग तीन प्रतिशत कम पड़े वोट
राज्य ब्यूरो, पटना। लोकसभा चुनाव के छठे चरण में शनिवार को मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। शाम छह बजे तक 55.45 प्रतिशत मतदान हुआ। यह आंकड़ा पिछले लोकसभा चुनाव से इस बार लगभग तीन प्रतिशत तक मत कम है। हालांकि इसमें वृद्धि होने की संभावना है। क्योंकि छह बजे बाद तक बूथों पर लोग मतदान के लिए कतारबद्ध थे।
छठे चरण में वाल्मीकिनगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सिवान और महाराजगंज लोकसभा क्षेत्रों के 14872 बूथों पर मतदान का काम संपन्न हो गया है।
इस चरण के मतदान में पूर्वी चंपारण जिला के सुगौली विधानसभा क्षेत्र में सुरक्षित कर्मी के रूप में प्रतिनियुक्त मतदान अधिकारी कन्हैया प्रसाद की सुगौली रेलवे स्टेशन क्षेत्र में ट्रेन से दुर्घटना में असामयिक मृत्यु हो गई है।
मतदान को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी एचआर श्रीनिवास ने बताया कि छठे चरण में सर्वाधिक 59.75 प्रतिशत मतदान पश्चिम चंपारण लोकसभा क्षेत्र में किया गया है। शाम छह बजे तक सबसे कम 50.70 प्रतिशत मतदान गोपालगंज लोकसभा क्षेत्र में हुआ है।
उन्होंने बताया कि मतदान के पहले 46 कंट्रोल यूनिट और 50 बैलेट यूनिट के अलावा 135 वीवीपैट को बदला गया। मतदान प्रारंभ होने के बाद 44 कंट्रोल यूनिट, 44 बैलेट यूनिट और 190 वीवीपैट को बदलना पड़ा। इस चरण में कुल 86 प्रत्याशी हैं जिसमें 78 पुरुष और आठ महिला प्रत्याशी हैं। उन्होंने बताया कि विकास के मुद्दों को लेकर कुल दो मतदान केंद्रों पर वोट का बहिष्कार किया गया है। इसमें वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र के नरकटियागंज विधानसभा के बूथ संख्या 272 और 273 शामिल हैं। छठे चरण में रामनगर विधानसभा क्षेत्र के कुल 54बूथों पर मतदान मतदान दोपहर चार बजे तक कराया गया। शेष सभी बूथों पर मतदान शाम छह बजे तक कराया गया। उन्होंने बताया कि मतदान के दौरान कुल 217 शिकायतें प्राप्त हुई थी जिसका समय पर निष्पादन कर दिया गया।
तीन चुनाव के आंकड़े
| संसदीय क्षेत्र | 2014 | 2019 | 2024 |
| वाल्मीकिनगर | 61.80 | 61.88 | 58.25 |
| पश्चिम चंपारण | 60.49 | 61.97 | 59.75 |
| पूर्वी चंपारण | 57.16 | 59.94 | 57.30 |
| शिवहर | 56.73 | 59.40 | 56.30 |
| वैशाली | 59.12 | 61.85 | 58.50 |
| गोपालगंज | 54.60 | 55.26 | 50.70 |
| सिवान | 56.53 | 54.73 | 52.50 |
| महाराजगंज | 51.57 | 53.80 | 51.27 |