नौकरी का झांसा देकर किशोरी से दुष्कर्म, मजदूर बन बिहार पुलिस ने गुजरात से आरोपी को किया गिरफ्तार
नौकरी दिलाने का झांसा देकर किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के आरोपित को खगौल पुलिस ने गुजरात के सूरत से गिरफ्तार कर लिया

गुजरात से आरोपी को किया गिरफ्तार
HighLights
पुलिस में नौकरी दिलाने के नाम पर किशोरी से दरिंदगी
सूरत से गिरफ्तार हुआ फर्जी अफसर
मजदूर बन पुलिस ने गुजरात से दबोचा आरोपित
संवाद सूत्र, खगौल। सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के आरोपित को खगौल पुलिस ने गुजरात के सूरत से गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान रोहतास जिले के चेनारी निवासी अभिषेक दुबे उर्फ राकेश दुबे के रूप में हुई है।
आरोपित की तलाश में पुलिस टीम गुजरात पहुंची थी। वहां एसआई संजीव कुमार और एसआई सिद्धार्थ कुमार ने दो दिनों तक मजदूर का वेश धारण कर उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई और फिर उसे गिरफ्तार कर लिया। दानापुर एएसपी अजीत कुमार ने बताया कि 25 अक्टूबर को किशोरी की मां ने खगौल थाने में प्राथमिकी कराई थी।
पुलिस में नौकरी दिलाने का भरोसा
महिला के अनुसार, 23 अक्टूबर को वह अपनी बेटी के साथ दांत का उपचार कराकर बस से लौट रही थीं। इसी दौरान बगल की सीट पर बैठे युवक ने खुद को बिहार पुलिस का अधिकारी बताया और उनकी बेटी को पुलिस में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।
उसने वर्दी पहने युवतियों के साथ अपनी तस्वीरें भी मोबाइल पर दिखाईं। पुलिस की वर्दी से जुड़ी लाल रंग की जूती और मोजा पहने होने के कारण महिला उसके झांसे में आ गईं।
25 अक्टूबर को जरूरी दस्तावेज लेकर बुलाया
आरोपित ने 25 अक्टूबर को जरूरी दस्तावेज लेकर बुलाया। महिला अपने बेटे और बेटी के साथ उसके बताए स्थान पर पहुंचीं। वहां आरोपित ने दस्तावेज की फोटो कॉपी कराने के बहाने महिला के बेटे को भेज दिया और किशोरी को ददन हांडी रोड स्थित गेस्ट हाउस ले गया।
गेस्ट हाउस संचालक भी गिरफ्तार
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत कांड संख्या 544/26 दर्ज की थी। जांच के दौरान पुलिस ने गेस्ट हाउस संचालक अंकित कुमार को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए थानाध्यक्ष रंजन कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
तकनीकी अनुसंधान में उसके सूरत के इच्छापुर थाना क्षेत्र स्थित तपोवन सोसाइटी में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने वहां पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया। एएसपी ने बताया कि आरोपित पहले गुजरात में सुरक्षाकर्मी का काम करता था। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।