Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 02, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    मनोज झा की गेंदबाजी, तेजस्वी के चौके-छक्‍के... बजतीं रही तालियां; 'जदयू टूट विवाद' पर डिप्‍टी CM की दो टूक

    By Mritunjay ManiEdited By: Prateek Jain
    Updated: Mon, 02 Oct 2023 06:00 AM (IST)

    Tejashwi Yadav and Manoj Jha Played Cricket In Patna राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय प्रवक्ता राज्यसभा सदस्य मनोज झा की गेंद पर उप मुख्यमंत्री तेजस्वी ...और पढ़ें

    ओवरब्रिज के नीचे नवनिर्मित क्रिकेट कोर्ट का उद्घाटन करते उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव। फोटो जागरण
    ओवरब्रिज के नीचे नवनिर्मित क्रिकेट कोर्ट का उद्घाटन करते उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव। फोटो जागरण

    HighLights

    1. सातमूर्ति से आर. ब्लॉक जाने वाली फ्लाइओवर के नीचे खेल ग्राउंड का किया उद्घाटन
    2. तेजस्वी प्रसाद यादव ने रविवार को किराये पर ली गई स्वीपिंग मशीन को रवाना किया

    जागरण संवाददाता, पटना: राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय प्रवक्ता राज्यसभा सदस्य मनोज झा की गेंद पर उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने खूब शॉट लगाए। इनके अलावा नगर विकास एवं आवास विभाग के निवर्तमान अपर मुख्य सचिव अरुणीश चावला और प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने भी बॉलिंग की।

    वे तीनों की गेंद पर चौके-छक्के लगाते रहे। सैकड़ों दर्शक यह वीआईपी क्रिकेट देखने के लिए मौजूद थे। हर शॉट पर तालियों की गड़गड़ाहट गूंजती रही। सड़क से गुजर रहे लोग अपने वाहन खड़े कर तेजस्वी की बैटिंग देखते रहे।

    तेजस्वी पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड की तरफ से सातमूर्ति से आर. ब्लॉक जाने वाली फ्लाइओवर के नीचे पटना टेलीफोन भवन के सामने के खाली स्थान पर बनाए गए क्रिकेट और बैडमिंटन ग्राउंड में खेल रहे थे।

    उप मुख्यमंत्री क्रिकेट के बाद बैडमिंटन भी खेले। एक ओर उप मुख्यमंत्री और उनके पीए तथा दूसरी तरफ आईएएस अरुणीश चावला और संतोष कुमार मल्ल थे। मैच बराबरी पर छूटा।

    बैडमिंटन कोर्ट का उद्घाटन करते उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव। जागरण

    उप मुख्यमंत्री ने कहा कि फ्लाइओर के नीचे की जगह पर प्ले ग्राउंड बनवा दिए हैं। हम युवा हैं। युवाओं की भावनाओं को समझते हैं। शहरी क्षेत्र में युवाओं को खेलने के लिए ग्राउंड कम पड़ गए हैं। यहां प्रतिभाओं की कमी नहीं है। पटना में इस तरह के कई और खेल ग्राउंड बनेंगे।

    फ्लाइओवर के नीचे के स्थल का उपयोग खेल के लिए करके मुझे बहुत खुशी हो रही है। क्रिकेट और बैडमिंटन खेल सकेंगे। नगर निगम खेल का संचालन करेगा। नगर विकास विभाग का भार मुझे मिला है। युवाओं के लिए बहुत कुछ लेकर आ रहे हैं।

    खबरें और भी

    युवाओं को दे रहे हैं नौकरी

    उप मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को नौकरियां दे रहे हैं। देश के किसी राज्य ने हमारे शासनकाल जैसी नौकरियां नहीं दी हैं। बड़ी संख्या में नौकरियां मिलने जा रही है। बेरोजगारी को दूर करना मेरा लक्ष्य है।

    एक सवाल के जवाब में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जदयू-राजद में टूट की अफवाहें फैलाई जा रही हैं। हम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ बिहार के युवाओं को रोजगार देने और विकास कार्य में लगे हुए हैं।

    तेजस्वी की जितनी सराहना की जाए कम : मनोज झा

    सांसद मनोज कुमार झा ने कहा कि उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव के इस कार्य के लिए जितनी सराहना की जाए कम है। फ्लाइओवर के नीचे प्ले ग्राउंड बना दिए। पटनावासी इसका लाभ उठाएं।

    इस अवसर पर महापौर सीता साहू, उप महापौर रेशमी चंद्रवंशी, नगर आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य डा. आशीष कुमार सिन्हा, इंद्रदीप चंद्रवंशी आदि मौजूद थे।

    किराये पर ली गई स्वीपिंग मशीन को किया रवाना

    उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने रविवार को किराये पर ली गई स्वीपिंग मशीन को रवाना किया। नगर निगम पहली बार किराये की स्वीपिंग मशीन से सड़कों की सफाई कराने जा रहा है।

    किराये पर 12 स्वीपिंग मशीन ली जाएगी। तीन पटना आ गई है, दिसंबर में नौ और आ जाएंगी। एक मशीन प्रतिदिन 40 किलोमीटर सड़कों की सफाई कर सकेगी।

    यह भी पढ़ें- बिहार में सिपाही भर्ती परीक्षा में कदाचार के आरोप में 169 धराए, भभुआ में केंद्राधीक्षक को हिरासत में लिया गया

    यह भी पढ़ें- चिराग पासवान का बड़ा दावा: बोले- जदयू के कई विधायक-सांसद हमारे संपर्क में, ठाकुर कवि‍ता विवाद पर राजद को घेरा