तेजस्वी यादव की मांग, दियारा को तुरंत बाढ़ग्रस्त घोषित करे बिहार सरकार; 15 से अधिक जिले प्रभावित
राजद नेता तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर बाढ़ राहत कार्यों में असंवेदनशीलता का आरोप लगाया है और दियारा क्षेत्र ...और पढ़ें

तेजस्वी यादव और सम्राट चौधरी
HighLights
तेजस्वी ने बिहार सरकार पर बाढ़ राहत में सुस्ती का आरोप लगाया।
दियारा क्षेत्र को तत्काल बाढ़ग्रस्त घोषित करने की मांग की गई।
15 से अधिक जिले प्रभावित, तत्काल राहत कार्य की आवश्यकता।
राज्य ब्यूरो, पटना। राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने बाढ़ राहत और बचाव कार्यों को लेकर राज्य सरकार पर असंवेदनशीलता और सुस्ती का आरोप लगाया है। गुरुवार को बयान जारी कर उन्होंने सरकार से दियारा क्षेत्र को अविलंब बाढ़ग्रस्त घोषित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि दियारा में कटाव के कारण मक्का और सब्जियों की फसलें पानी में डूब गई हैं। घरों, सड़कों, स्कूलों और खेतों में पानी भर गया है।
बिजली बंद, पेयजल और राशन का संकट
तेजस्वी ने कहा कि दियारा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बंद होने से ग्रामीणों को अंधेरे के साथ पेयजल की समस्या का भी सामना करना पड़ रहा है।
कई गांवों का प्रखंड मुख्यालय से संपर्क टूट गया है, जिससे राशन और अन्य जरूरी सामान की कमी होने लगी है। उनके अनुसार बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत शिविर, सामुदायिक रसोईघर और चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है।
लाइफ जैकेट और इमरजेंसी बोट की मांग
उन्होंने कहा कि राहत शिविर नहीं होने की स्थिति में प्रभावित लोगों की सुरक्षा के लिए लाइफ जैकेट, आवश्यक दवाएं और इमरजेंसी बोट की तत्काल व्यवस्था की जानी चाहिए।
खासकर सांप-बिच्छू के काटने जैसी आपात स्थितियों में चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन को पर्याप्त इंतजाम करना चाहिए।
कई नदियों के बढ़ते जलस्तर से दहशत
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि गंगा, सोन, पुनपुन, गंडक, बूढ़ी गंडक, बागमती और कोसी समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है।
इससे लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने दावा किया कि 15 से अधिक जिले बाढ़ की चपेट में हैं और बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हैं।
सरकार से तत्काल राहत कार्य तेज करने की मांग
राजद नेता ने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बाढ़ से बचाव और राहत कार्यों की पर्याप्त तैयारी नहीं की है।
उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार को तत्काल कदम उठाने चाहिए। साथ ही दियारा क्षेत्र को बाढ़ग्रस्त घोषित कर राहत एवं बचाव अभियान तेज करने की मांग की।
