Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मोकामा में हादसा, गंगा किनारे बने गड्ढे में डूबने से दो मासूमों की मौत

    Updated: Sat, 25 Jul 2026 05:48 AM (IST)

    मोकामा के दरियापुर गांव में गंगा किनारे अवैध खनन से बने एक गड्ढे में स्नान करते समय दो छात्रों की डूबने से मौत हो गई। ...और पढ़ें

    एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

    एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

    HighLights

    1. मोकामा के दरियापुर गांव में दो छात्र गंगा में डूबे।

    2. अवैध बालू खनन से बने गहरे गड्ढे में हुआ हादसा।

    3. हादसे के बाद गांव में शोक, पुलिस जांच जारी।

    संवाद सूत्र, मोकामा। मोकामा के दरियापुर गांव में गंगा में स्नान कर रहे दो छात्रों की डूबने से मौत हो गई। शुक्रवार को दोपहर करीब 11 बजे मोहम्मद जाहिद के पुत्र मोहम्मद जैद (15 वर्ष) और मोहम्मद जमशेद के बेटे मोहम्मद रेहान (12 वर्ष) गंगा किनारे अवैध खनन से बने एक बड़े गड्ढे में स्नान कर रहे थे।

    इन दोनों छात्रों के साथ गांव के करीब 10 अन्य बच्चे भी मौजूद थे। कुछ बच्चे स्नान कर रहे थे, जबकि अन्य गड्ढे के किनारे खड़े थे।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों छात्र स्नान के लिए गड्ढे में उतरे और पांव फिसलने से गहरे पानी में चले गए। उन्हें डूबते देख कुछ बच्चों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।

    अन्य बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़े और दोनों छात्रों को पानी से बाहर निकाला। मोहम्मद जैद को मरांची प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सीपीआर देकर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सके।

    वहीं, मोहम्मद रेहान को हाथीदह के नाजरेथ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने भी दम तोड़ दिया। इस हादसे के बाद दरियापुर गांव में शोक का माहौल बन गया।

    ग्रामीणों ने बताया कि लोग जुम्मे की नमाज अदा करने की तैयारी कर रहे थे, तभी दोनों छात्र चुपके से बारिश के बीच गंगा किनारे चले गए। दस मिनट बाद ही गांव में उनके डूबने की सूचना मिली।

    मोहम्मद जैद दरियापुर उत्क्रमित माध्यमिक उच्च विद्यालय में दसवीं कक्षा का छात्र था, जबकि मोहम्मद रेहान सातवीं कक्षा में पढ़ता था। दोनों छात्रों के पिता मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं।

    हादसे की सूचना मिलते ही स्कूल परिसर में भी मातम छा गया। हाथीदह पुलिस ने इस मामले की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    ग्रामीणों का कहना है कि यह हादसा गंगा किनारे बने एक बड़े गड्ढे में डूबने के कारण हुआ है। बालू माफिया ने अवैध खनन कर इस गड्ढे को खतरनाक बना दिया था।

    बारिश के पानी से यह गड्ढा जानलेवा साबित हो रहा है। हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अस्पताल भेज दिया है।

    इस घटना ने न केवल परिवारों को बल्कि पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। स्थानीय प्रशासन को इस मामले में सख्त कार्रवाई करने की आवश्यकता है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।