IPL और टीम इंडिया में तहलका मचाने वाले वैभव सूर्यवंशी को मिला बड़ा इनाम, पहली बार करने जा रहे ये काम
युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को आगामी सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के लिए बिहार की सीनियर क्रिकेट टीम का कप्तान बनाया गया है।

IPL और टीम इंडिया में तहलका मचाने वाले वैभव सूर्यवंशी को मिला बड़ा इनाम (BCCI)
HighLights
वैभव सूर्यवंशी बिहार सीनियर क्रिकेट टीम के कप्तान बने।
सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के लिए टीम घोषित।
सूरज कश्यप उप-कप्तान, 17 सदस्यीय टीम में शामिल।
जागरण संवाददाता, पटना। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अब बिहार की सीनियर क्रिकेट टीम की कमान संभालते नजर आएंगे। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) ने आगामी सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए 17 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है।
टीम की कप्तानी वैभव सूर्यवंशी को सौंपी गई है, जबकि सूरज कश्यप उप कप्तान बनाए गए हैं। यह पहला मौका होगा, जब वैभव बिहार की सीनियर टीम का नेतृत्व करेंगे।
बीसीए की सीनियर चयन समिति ने छह नवंबर को आयोजित बैठक में खिलाड़ियों के ट्रायल और पिछले प्रदर्शन की समीक्षा के बाद टीम को अंतिम रूप दिया।
चार से छह नवंबर तक मोइन-उल-हक स्टेडियम में आयोजित चयन ट्रायल में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन किया गया। चयन समिति के अध्यक्ष हरविंदर सिंह और सदस्य अमिताभ विजयवर्गीय बैठक में मौजूद रहे, जबकि चयनकर्ता एस. सारथ ने टेलीफोनिक माध्यम से हिस्सा लिया।
आक्रामक बल्लेबाजों को टीम में जगह
17 सदस्यीय टीम में कप्तान वैभव सूर्यवंशी के अलावा आलोक कुमार, आयुष लोहारुका (विकेट कीपर), अल्तमश अशरफ, परम कुमार सिंह, अनमोल कुमार (विकेट कीपर), ऋत्विक राज, सूरज कश्यप (उपकप्तान), मयंक कुमार, राघवेंद्र प्रताप, आशीष कुमार, वासुदेव प्रताप सिंह, मोहम्मद इजहार, अमोद यादव, प्रशांत सिंह, नवाज खान और हिमांशु सिंह शामिल हैं।
मंगल महौर और शाकिब हुसैन की उपलब्धता उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगी। शुरुआती दो मुकाबलों के बाद उनकी फिटनेस का आकलन कर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
इनके अलावा बिपिन सौरभ, सुमन कुमार, आकाश राज, खालिद आलम, भास्कर दुबे, कुमार रजनीश, सुयश, अभिजीत साकेत, यशस्वी ऋषभ, लखन राजा, पवन कुमार, अमित चौधरी, पीयूष सिंह, भानु कुमार, लोकेश बाबूलाल कुमार और प्रशांत श्रीवास्तव को स्टैंडबाय में रखा गया है।
अंतरराष्ट्रीय पहचान के बाद मिली कप्तानी
वैभव सूर्यवंशी के लिए बिहार की कप्तानी करियर का अहम पड़ाव है। आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से पहचान बनाने के बाद उन्होंने भारतीय टीम में भी जगह बनाई और अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में प्रदर्शन किया।
न्यूजीलैंड के खिलाफ हालिया तीसरे टी-20 मुकाबले में अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करते हुए उन्होंने छह ओवर में 118 रन की रिकार्ड साझेदारी में योगदान दिया। दोनों ने शुरुआती छह ओवर में बिना विकेट गंवाए पुरुष टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का सर्वाधिक पावरप्ले स्कोर बनाया।
वैभव ने 19 गेंदों पर 45 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा ने 38 गेंदों पर 113 रन की पारी खेली।अब बिहार की कप्तानी मिलने के बाद वैभव के सामने अपनी बल्लेबाजी के साथ टीम को भी बेहतर प्रदर्शन की राह पर ले जाने की जिम्मेदारी होगी।
बिहार के शुरुआती दो मुकाबले 14 नवंबर से इंदौर में खेले जाएंगे। पूरी प्रतियोगिता के दौरान रणजी ट्रॉफी टीम के साथ जुड़े सपोर्ट स्टाफ को ही एसएमएटी टीम के साथ रखा जाएगा। चयन समिति के अध्यक्ष हरविंदर सिंह और सदस्य अमिताभ विजयवर्गीय भी इंदौर में रहकर टीम के मुकाबलों का अवलोकन करेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।