Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 11, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    बिहार के कई इलाकों में बारिश से बिगड़ी स्‍थ‍िति, पटना में वज्रपात से मौत; मौसम विभाग ने किया अलर्ट

    By Jagran NewsEdited By: Shubh Narayan Pathak
    Updated: Tue, 11 Oct 2022 02:25 PM (GMT+05:30)

    Weather Update बिहार के पांच जिलों में भारी वर्षा को लेकर मौसम विज्ञान विभाग ने जारी की चेतावनी। पटना सहित पूरे बिहार में वज्रपात का भी अलर्ट। 28.6 मि ...और पढ़ें

    Bihar Weather News - बिहार में बारिश को लेकर अलर्ट जारी। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर
    Bihar Weather News - बिहार में बारिश को लेकर अलर्ट जारी। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

    पटना, जागरण संवाददाता। Bihar Weather Update: बिहार में मौसम विभाग की आशंका सही साबित हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र ने पटना सहित बिहार के लगभग सभी जिलों में हल्‍की बारिश की संभावना जताई थी। पांच जिलों में भारी बारिश की चेतावनी और पटना सहित अन्‍य जिलों में वज्रपात को लेकर अलर्ट किया गया है। इस बीच पटना के नजदीक मनेर में ठनका गिरने से एक शख्‍स की मौत हो गई, वहीं कई अन्‍य घायल हैं।

    ठंड के आगमन में देरी संभव 

    मौसम विज्ञानी की मानें तो देर से मानसून जाने के फलस्वरूप वर्षा की गतिविधियां होने से वातावरण में नमी रहेगी इससे ठंड के आगमन में थोड़ी देरी हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार राजधानी समेत पूरे प्रदेश में वज्रपात और मेघ गर्जन की संभावना है। वहीं प्रदेश के पांच जिले किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर और बांका जिले के एक या दो स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी है।

    बुधवार को भी भारी बारिश के आसार 

    वहीं 12 अक्टूबर को रोहतास, भभुआ, किशनगंज और कटिहार में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में अगले 48 घंटे तक मौसम का मिजाज इसी प्रकार बने रहने के आसार है। सोमवार को राजधानी समेत प्रदेश के अन्य हिस्सों में अच्छी वर्षा होने से मौसम सुहाना बना रहा। 

    पटना में हुई 28 एमएम बारिश 

    पटना में दोपहर बाद झमाझम वर्षा हुई। इस दौरान राजधानी में 28.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई जबकि फारबिसगंज में सर्वाधिक वर्षा 176.8 मिमी, गलगलिया में 91.5, मोतिहारी में 67.0, चटिया में 39.0, चनपटिया में 35.2 एवं शेखपुरा में 32.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री बढऩे के साथ 34.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

    खबरें और भी

    बिहार के प्रमुख शहरों का तापमान 

    • पटना 34.0
    • गया   34.2
    • भागलपुर 35.4
    • पूर्णिया   33.6
    • मुजफ्फरपुर  30.8
    • दरभंगा    32.6
    • डेहरी    34.2
    • मोतिहारी  30.6
    • वैशाली    36.1
    • औरंगाबाद  32.7
    • (अधिकतम तापमान डिग्री सेल्सियस में) 

    नवादा का तापमान 40 के करीब पहुंचा 

    वहीं 38.4 डिग्री सेल्सियस के साथ नवादा का अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानी की मानें तो प्रदेश में पछुआ व दक्षिण पछुआ हवा का प्रवाह बना है। वहीं मानसून ट्रफ रेखा उत्तरी गुजरात से राजस्थान होते हुए दक्षिण हरियाणा तक गुजर रही है। इनके प्रभाव से प्रदेश में मेघ गर्जन के साथ वर्षा का पूर्वानुमान है। 

    मानसून की वापसी में देरी के आसार 

    लगातार दूसरे वर्ष मानसून समय पर 13 जून को पहुंचा था। वहीं इस बार मानसून की वापसी थोड़ी देर से होने के आसार हैं। मौसम विज्ञानी की मानें तो प्रदेश से मानसून 12-15 अक्टूबर के बीच वापस लौटेगा। वहीं दूसरी ओर अक्टूबर महीने में प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां थोड़ी बहुत बनी रहेगी। 

    मनेर में ठनका गिरने से एक दर्जन लोग जख्मी

    पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र के रतनटोला गांव में ठनका गिरने से लगभग एक दर्जन लोग जख्मी हो गए। इनमें दो की हालत नाजुक थी, जिसमें से एक की इलाज के क्रम में मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार रतनटोला गांव के निवासी एवं पैक्स अध्यक्ष विधान चंद्र राय की मां की मौत के बाद आज दशकर्म था।विधानचंद्र के परिवार के लोग गंगा किनारे जुटे हुए थे। इसी बीच हादसा हो गया। 

    • मौसम खराब हो, तो घर से निकलने में परहेज करें
    • खुले और निर्जन स्‍थान पर वज्रपात का खतरा अधिक है
    • खराब मौसम में किसी पेड़ या लोहे के खंभे के पास न जाएं
    • यथासंभव पक्‍के मकान में ही शरण लें
    • अगर कोई सुरक्षित आश्रय उपलब्‍ध नहीं हो, तो बैठ जाएं
    • बैठते वक्‍त दोनों पैरों और घुटनों को सटाकर रखें

    इलाज के क्रम में गई एक शख्‍स की जान 

    ठनका गिरने से सत्यदेव राय, धरनीधर सिंह, नितीश राय, दारा सिंह, राजेन्द्र सिंह, कपिल मुनि, चंदेल सिंह, नाजीर सिंह, जयनंदन ठाकुर, शारदा सिंह जख्मी हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए मनेर के निजी चिकित्सक में लाया गया, जहां दो की हालत नाजुक देखकर शारदा सिंह एवं जयनंदन ठाकुर को पटना भेज दिया गया। इलाज के क्रम में शारदा सिंह की मौत हो गई। स्थानीय विधायक भाई वीरेंद्र, मुखिया मैनेजर राय इलाज चल रहे लोगों को देखने पहुंचे।