यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 23, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Patna News: पति को ढूंढने निकली महिला के साथ दोस्तों ने किया दुष्कर्म, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
बिहार की राजधानी पटना में पति को ढूंढने में मदद के नाम पर बचपन के दोस्त ने पीड़िता के साथ मारपीट और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। पीड़िता के बयान ...और पढ़ें

HighLights
- गांधी मैदान थाना क्षेत्र की घटना, ऑटो में सवार कर कमरे तक ले गए थे दो दोस्त
- एक आरोपित पर मारपीट व दुष्कर्म का आरोप, केस दर्ज कर छानबीन में जुटी पुलिस
जागरण संवाददाता, पटना। पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र में पति को ढूंढने में मदद के नाम पर बचपन के दोस्त ने पीड़िता के साथ मारपीट और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है।
पीड़िता के बयान पर पुलिस दानिश और राजा नाम के दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन कर रही है। पीड़िता बेगूसराय की रहने वाली है। वह पति संग पटना सिटी स्थित अपने मामा के घर आई थी।
इधर, गांधी मैदान थानेदार ने बताया कि पीड़िता द्वारा बस इतना बताया गया कि गांधी मैदान के आसपास घटना को अंजाम दिया गया। घटनास्थल का पता लगाया जा रहा है। दोनों आरोपितों की तलाश की जा रही है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 19 मई को पति संग पटना सिटी आई थी। 20 मई को पटना सिटी स्थित मामा के घर उसके पति ने कहा कि कुछ देर में बाहर से आता हूं। उसे लगा कि वह उसे छोड़कर चला गया है।
फोन करने पर पता चला कि वह गांधी मैदान की तरफ है। वह उनकी खोज में गांधी मैदान की तरफ जाने के लिए सड़क किनारे ऑटो का इंतजार कर रही थी। इसी बीच उसके दोनों दोस्त मिल गए। उसने उन्हें पूरी बात बताई। तब दोनों दोस्तों ने पति को ढूंढने में मदद के नाम पर उसे ऑटो से लेकर गांधी मैदान की तरफ लेकर आए।
एक दोस्त ऑटो में बैठा रहा और दूसरा महिला को साथ लेकर एक कमरे में गया। वहां उसके साथ गलत किया और मारपीट करने लगा। मारपीट से वह बेहोश हो गई। होश आने पर पीड़िता उक्त घटना की जानकारी पुलिस को दी।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपित उसे धमकी दिए थे कि इस बात की जानकारी किसी हो हुई, तो वह उसके पति को बता देंगे। पुलिस उसे उपचार के लिए पीएमसीएच ले गई। इसके बाद उसने दुष्कर्म की बात बताई। पुलिस दोनों आरोपितों और घटनास्थल के बारे में जानकारी जुटा रही है।