विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 10, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Bihar Police News: बिहार पुलिस में महिलाओं ने बनाया रिकॉर्ड, नीतीश सरकार के कामों की हो रही चर्चा

Published: Tue, 10 Dec 2024 04:04 PM (IST)

Bihar News बिहार में महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा बदलाव आया है। देश में सर्वाधिक 29 प्रतिशत महिला पुलिसकर्मी ...और पढ़ें

बिहार में महिला पुलिस की बादशाहत (जागरण)
बिहार में महिला पुलिस की बादशाहत (जागरण)

HighLights

  1. 893 महिला पुलिसकर्मी थीं बिहार में वर्ष 2005 में
  2. 35 प्रतिशत महिला आरक्षण दिया गया वर्ष 2013 में
  3. 29 हजार महिला पुलिस बल हैं वर्तमान में बिहार में

राज्य ब्यूरो, जागरण, पटना। Bihar Police News: बिहार में महिलाएं अब सुरक्षा मांगने के लिए नहीं, सुरक्षा देने के लिए जानी जा रही हैं। देश में सर्वाधिक 29 प्रतिशत महिला पुलिसकर्मी बिहार में हैं। वर्तमान में बिहार में करीब 29 हजार महिला पुलिसकर्मी और पदाधिकारी हैं। अभी नई बहाली के बाद यह संख्या और बढ़ेगी। महिलाएं सिपाही से लेकर डीजी (पुलिस महानिदेशक) तक के पद पर हैं।

महिलाएं थानों की कमान संभाल रहीं तो डायल-112 की गाडि़यां भी चला रही हैं। बिहार में पहली बार महिला बटालियन का भी गठन हुआ है। सभी 40 पुलिस जिलों में एवं 4 रेल पुलिस जिलों में एक-एक महिला थाना की स्थापना भी की गई है, इसके लिए विभिन्न कोटि के 647 पदों का सृजन किया गया है। अनुसूचित जाति की महिलाओं के लिए स्वाभिमान बटालियन का गठन भी हुआ है।

बिहार पुलिस में एक जनवरी 2005 को महज 893 महिला पुलिसकर्मी और पदाधिकारी थीं। इस दिशा में क्रांतिकारी बदलाव वर्ष 2013 में आया जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पुलिस बल में महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की।

इसके बाद बिहार पुलिस में महिलाओं की संख्या में भारी इजाफा हुआ। नतीजा, आज राज्य में महिला पुलिस की संख्या 29 हजार तक पहुंच गई है। पुलिस की बहाली में महिलाओं के आने से सामाजिक बदलाव भी आया है। समाज में महिलाओं को बराबरी का हक मिला है। अब पीड़ित महिलाएं बिना झिझक के थाने आकर महिला पुलिसकर्मियों को अपनी शिकायत दर्ज करा रहीं हैं।

अगर राष्ट्रीय स्तर पर बात करें तो भी महिला सशक्तीकरण की दिशा में बिहार की उपलिब्ध स्पष्ट दिखती है। अभी देशभर के पुलिस बल में महिलाओं का राष्ट्रीय औसत 16.05 प्रतिशत है। वहीं महाराष्ट्र में 12.52 प्रतिशत और तमिलनाडु में 18.50 प्रतिशत महिला पुलिसकर्मी हैं। बिहार के बाद हिमाचल प्रदेश में सबसे अधिक 19.15 प्रतिशत महिला पुलिसकर्मी हैं।

देश की राजधानी दिल्ली में पुलिस बल की कुल क्षमता 82 हजार, 195 है जिसमें महिला पुलिसकर्मियों की संख्या 10 हजार 110 है जो कुल क्षमता का 12.30 प्रतिशत है। हालांकि संख्या के मामले में सर्वाधिक महिला पुलिसकर्मी उत्तर प्रदेश में हैं। उत्तर प्रदेश में कुल पुलिस बल की क्षमता तीन लाख तीन हजार 450 है जिसमें 29 हजार, 112 महिला पुलिसकर्मी हैं। यह कुल संख्या का 9.59 प्रतिशत है। इसके अलावे महाराष्ट्र संख्या बल के हिसाब से दूसरे स्थान पर है।

65 हजार पुलिसबलों की और होगी बहाली 

राज्य में पुलिसवालों की कुल संख्या एक लाख 20 हजार है। अभी 65 हजार और पुलिसकर्मियों की बहाली होने वाली है, जिसके बाद यह संख्या बढ़कर एक लाख 85 हजार हो जाएगी इससे पुलिस-पब्लिक अनुपात भी सुधरेगा। वर्तमान में पुलिस-पब्लिक अनुपात 1000 की आबादी पर एक पुलिस बल है। पुलिसवालों की संख्या बढ़ने से यह अनुपात घटकर 649 व्यक्ति पर एक पुलिस बल का हो जाएगा।

ये भी पढ़ें

Tejashwi Yadav: 'BPSC की चालाकी तो देखिए...', तेजस्वी यादव ने आयोग की खोली पोल; बोले- एक-एक लाठी का हिसाब होगा

Bihar News : बिहार प्रशासनिक सेवा के 48 अधिकारियों का तबादला, मिली नई जिम्मेदारी; पढ़ें पूरी लिस्ट यहां

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।