विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेलवे ट्रैक पर गिर रहे थे जलते तार, उसी दौरान गुजर रही थी ट्रेन; पटना में टला बड़ा हादसा

Published: Wed, 28 Oct 2026 10:20 PM (IST)

पटना के यारपुर ब्रिज पर केबल वायर में आग लगने से रेल परिचालन बाधित हो गया, जिससे कई ट्रेनें विलंबित ...और पढ़ें

ट्रेन पर गिरती चिंगारी।

ट्रेन पर गिरती चिंगारी।

HighLights

  1. यारपुर ब्रिज पर केबल वायर में लगी आग।

  2. रेलवे ट्रैक पर गिरे जलते तार, परिचालन बाधित।

  3. कई ट्रेनें हुईं लेट, बड़ा हादसा टला।

जागरण संवाददाता, पटना। सचिवालय हाॅल्ट के पास यारपुर ब्रिज पर बुधवार शाम केबल वायर में आग लगने से रेल परिचालन बाधित हो गया।

खंभे के सहारे लटक रही केबल में आग लगने के बाद जलता हुआ तार रेलवे ट्रैक और ओवरहेड वायर पर गिरने लगा। इस दौरान आग के गोले भी नीचे गिर रहे थे।

घटना के समय एक ट्रेन भी वहां से गुजर रही थी। गनीमत रही कि ट्रेन आग की चपेट में नहीं आई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

अमृत भारत एक्सप्रेस भी 66 मिनट विलंब से खुली

घटना के बाद रेलवे अधिकारियों ने एहतियातन अप और डाउन, दोनों लाइनों पर ट्रेनों का परिचालन रोक दिया। इससे पटना जंक्शन और राजेंद्र नगर टर्मिनल से गुजरने वाली ट्रेनों पर असर पड़ा।

संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस करीब एक घंटे तक पटना जंक्शन पर खड़ी रही, जबकि तेजस राजधानी एक्सप्रेस को भी 71 मिनट तक रुकना पड़ा।

राजेंद्र नगर से दिल्ली जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस निर्धारित समय से 66 मिनट देर से रवाना हुई। इसके अलावा आधा दर्जन अन्य ट्रेनों को भी विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा।

शाम 7:30 बजे लगी आग, रेलवे लाइन पर गिरने लगा तार

बुधवार शाम करीब 7:30 बजे यारपुर ब्रिज के पास खंभे के सहारे लटक रही अवैध केबल में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठने के साथ ही तार टूटकर नीचे रेलवे ट्रैक की ओर गिरने लगा।

कुछ हिस्सा ओवरहेड वायर पर भी गिरा। इसके बाद जलते तार से आग के गोले नीचे गिरने लगे। इस स्थिति को देखते हुए रेलवे ने तत्काल परिचालन रोकने का निर्णय लिया। ताकि किसी ट्रेन के आग की चपेट में आने या बिजली आपूर्ति से जुड़ी किसी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सके।

संपूर्ण क्रांति एक घंटे तक पटना जंक्शन पर खड़ी रही

केबल में आग लगने के कारण ट्रेनों के परिचालन पर सीधा असर पड़ा। संपूर्णक्रांति एक्सप्रेस शाम 7:52 बजे पटना जंक्शन पहुंची।

इसे करीब एक घंटे तक रोकना पड़ा और रात 8:51 बजे रवाना किया गया। वहीं, राजेंद्र नगर से दिल्ली जाने वाली तेजस राजधानी एक्सप्रेस पटना जंक्शन पर एक घंटे 11 मिनट तक खड़ी रही।

राजेंद्र नगर टर्मिनल से दिल्ली जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस का निर्धारित प्रस्थान समय शाम 7:50 बजे था, लेकिन यह ट्रेन रात 8:56 बजे रवाना हुई।

इस तरह इसके प्रस्थान में 66 मिनट की देरी हुई। आधा दर्जन अन्य ट्रेनों को भी अलग-अलग स्टेशनों पर रोककर परिचालन नियंत्रित करना पड़ा। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

तकनीकी टीम ने बुझाई आग, इसके बाद बहाल हुआ परिचालन

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सबसे पहले केबल में लगी आग बुझाई। इसके बाद रेलवे ट्रैक और ओवरहेड वायर के आसपास लटक रहे तार को हटाया गया।

स्थिति की जांच और जरूरी कार्रवाई पूरी होने के बाद ट्रेनों का परिचालन बहाल किया गया। शाम करीब 7:30 बजे हुई इस घटना के कारण एक घंटे से अधिक समय तक रेल परिचालन प्रभावित रहा। समय रहते आग पर काबू पाने और लटकते तार को हटाने से बड़ा हादसा टल गया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।