पूर्णिया में पूर्व विधायक बीमा भारती के बेटे पर अपहरण की कोशिश का आरोप, धमकी का ऑडियो वायरल, जांच में जुटी पुलिस
पूर्णिया के भवानीपुर में पूर्व विधायक बीमा भारती के बेटे राजा मंडल पर अपहरण के प्रयास, मारपीट और धमकी देने ...और पढ़ें

पूर्व मंत्री के बेटे राजा मंडल पर भवानीपुर थाने में लिखित शिकायत
HighLights
पूर्व विधायक बीमा भारती के बेटे पर अपहरण का आरोप।
पीड़ित ने पुलिस को ऑडियो रिकॉर्डिंग साक्ष्य सौंपे।
शराब पीने के विरोध से शुरू हुआ था विवाद।
संवाद सूत्र, भवानीपुर (पूर्णिया)। पूर्णिया जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र में रूपौली की पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री बीमा भारती के पुत्र राजा मंडल पर अपहरण के प्रयास, मारपीट और फोन पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
इस संबंध में पीड़ित द्वारा भवानीपुर थाने में लिखित आवेदन देने के साथ-साथ दो ऑडियो कॉल रिकॉर्डिंग भी साक्ष्य के तौर पर पुलिस को सौंपी गई है। इधर, कथित धमकी का ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा गरम कर दी है। हालांकि, वायरल ऑडियो में सुनाई देने वाली आवाज की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
शराब पीने का विरोध करने पर शुरू हुआ विवाद
भवानीपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या-09 स्थित भवनदेवी टोला निवासी मो. बबलू ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 19 अक्टूबर की शाम वे अपने नवनिर्मित मकान में मौजूद थे।
इसी दौरान 'पूर्व विधायक' लिखे बोर्ड लगी एक सफेद रंग की फॉर्च्यूनर गाड़ी से राजा मंडल अपने तीन-चार अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि उनके परिसर में बैठकर शराब पीने का विरोध करने पर विवाद खड़ा हो गया। इसके बाद सभी आरोपी देख लेने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।
नाबालिग बेटे को गाड़ी में खींचने और धमकी का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि उसी रात करीब नौ बजे आरोपी दोबारा पहुंचे और कमरे में सो रहे उनके 15 वर्षीय नाबालिग बेटे मो. महताब आलम को कथित तौर पर जबरन खींचकर गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया। शोर मचने पर परिजनों ने डायल 112 पुलिस टीम को सूचना दी। पुलिस की गश्ती गाड़ी को आते देख आरोपी मौके से फरार हो गए।
मो. बबलू का कहना है कि इसके बाद रात करीब 10 बजे उनके मोबाइल पर फोन कर पूरे परिवार को जान से मारने और काटकर फेंक देने की धमकी दी गई। पीड़ित ने सुरक्षा की गुहार लगाते हुए काल रिकॉर्डिंग और संबंधित मोबाइल नंबरों का ब्योरा पुलिस को सौंप दिया है।
"पीड़ित पक्ष की ओर से भवानीपुर थाने में एक लिखित आवेदन दिया गया है। आवेदन के साथ कुछ कॉल रिकॉर्डिंग भी सौंपी गई हैं। मामले के सभी पहलुओं और वायरल ऑडियो की तकनीकी जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार निष्पक्ष और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
— अजीत प्रताप सिंह चौहान, एसडीपीओ (SDPO), धमदाहा (पूर्णिया)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।