Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    NH-31 पर सफर या मौत को दावत! पूर्णिया-दालकोला मार्ग पर बने जानलेवा गड्ढे, टोल टैक्स देने के बाद भी जनता बेहाल

    Updated: Mon, 06 Jul 2026 04:44 PM (IST)

    मानसून की शुरुआत के साथ पूर्णिया से दालकोला तक NH-31 की हालत बेहद खराब हो गई है, बड़े गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। टोल टैक्स देने के ब ...और पढ़ें

    पूर्णिया से दालकोला तक राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (NH-31)

    पूर्णिया से दालकोला तक राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (NH-31) 

    HighLights

    1. NH-31 पूर्णिया-दालकोला मार्ग पर बड़े गड्ढे।

    2. मानसून में गड्ढों से बढ़ रही दुर्घटनाएं, लोग घायल।

    3. टोल टैक्स के बावजूद NHAI की लापरवाही पर आक्रोश।

    संवाद सूत्र, पूर्णिया। मानसून की शुरुआत होते ही पूर्णिया से दालकोला तक राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (NH-31) की स्थिति बेहद नारकीय और गंभीर हो गई है। सड़क पर उभरे बड़े-बड़े गड्ढे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए काल साबित हो रहे हैं। इस मार्ग पर प्रतिदिन दर्जनों छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं। सबसे ज्यादा शिकार बाइक सवार हो रहे हैं, जो पानी से भरे गड्ढों में संतुलन बिगड़ने के कारण गिरकर गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं। कई लोगों के हाथ-पैर टूट रहे हैं, तो कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।

    बारिश के पानी ने बढ़ाई मुसीबत

    लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर गया है। इससे वाहन चालकों के लिए गड्ढों की गहराई का अंदाजा लगाना नामुमकिन हो जाता है। रात के समय स्थिति और भी जानलेवा हो जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह बदहाली अब किसी बड़े हादसे को आमंत्रण दे रही है।

    भारी-भरकम टैक्स देने के बाद भी यह बदहाली क्यों?

    सड़क की इस दुर्दशा को लेकर स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि आम जनता अपनी मेहनत की कमाई से वाहन खरीदते समय सरकार को भारी-भरकम रोड टैक्स देती है। इसके अलावा इस मार्ग पर सफर करने के लिए टोल टैक्स का भी भुगतान करना पड़ता है। ऐसे में सवाल उठता है कि करोड़ों रुपये का टोल वसूलने के बाद भी जनता को सुरक्षित और बेहतर सड़कें क्यों नहीं मिल रही हैं? इन लगातार हो रहे हादसों की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा?

    NHAI की लापरवाही पर उठ रहे सवाल

    स्थानीय नागरिकों का मानना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की जिम्मेदारी केवल टोल वसूलने तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़कों को सुरक्षित और यातायात के योग्य बनाए रखना भी उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। मानसून की पहली बारिश ने ही एनएचएआई के दावों और रखरखाव की पोल खोलकर रख दी है।

    खबरें और भी

    ग्रामीणों ने मांग की है कि एनएचएआई अविलंब इस मार्ग की मरम्मत कराए और गड्ढों को भरने का काम शुरू करे। यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है, जिसकी पूरी जवाबदेही प्रशासन और एनएचएआई की होगी।