पूर्णिया MP पप्पू यादव का भाजपा पर हमला, बोले- साजिश के तहत हटाए गए नीतीश; निशांत के फैसले की सराहना
पप्पू यादव ने भाजपा पर नीतीश कुमार को खराब स्वास्थ्य का बहाना बनाकर मुख्यमंत्री पद से हटाने की साजिश का आरोप लगाया है। उन्होंने इसे जदयू को कमजोर करने ...और पढ़ें

निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव
HighLights
भाजपा पर नीतीश कुमार को हटाने की साजिश का आरोप।
निशांत कुमार के सरकार में शामिल न होने की सराहना।
बिहार में कानून-व्यवस्था और मजदूर मुद्दों पर सरकार को घेरा।
जागरण संवाददाता, पूर्णिया। निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने भाजपा पर मुख्यमंत्री पद हथियाने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को खराब स्वास्थ्य का हवाला देकर पद से हटाया गया, जो एक सोची-समझी राजनीतिक साजिश का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि यह कदम केवल सत्ता हासिल करने के लिए उठाया गया और इसके जरिए जदयू को कमजोर करने की कोशिश भी की जा रही है। पप्पू यादव ने भाजपा पर ‘पीठ में खंजर भोंकने’ जैसा आरोप भी लगाया।
निशांत कुमार के फैसले की सराहना
सांसद ने नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार के फैसले को परिपक्व बताया। उन्होंने कहा कि सरकार में शामिल नहीं होकर निशांत कुमार ने राजनीतिक शुचिता का परिचय दिया है।
उन्होंने कहा कि इस निर्णय से निशांत कुमार का कद और बढ़ा है और उन्होंने अपने पिता के विचारों को प्राथमिकता दी है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के अंदर भी इस पूरे मामले को लेकर एकराय नहीं है।
सोशल मीडिया पोस्ट का भी किया जिक्र
पप्पू यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर भी निशांत कुमार के फैसले की सराहना की। उन्होंने लिखा कि विचार अलग होने के बावजूद वे निशांत कुमार के हौसले को सलाम करते हैं।
खबरें और भी
अपने पोस्ट में उन्होंने कहा कि डिप्टी सीएम या मंत्री पद ठुकराकर निशांत कुमार ने आज के दौर में दुर्लभ उदाहरण पेश किया है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस फैसले से किसी भी तरह की साजिश को नाकाम कर दिया गया है।
जदयू को तोड़ने की साजिश का आरोप
पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि जदयू को तोड़ने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि गठबंधन की राजनीति में विश्वास बनाए रखने के बजाय राजनीतिक लाभ के लिए साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह की राजनीति से बिहार में अस्थिरता बढ़ेगी और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर असर पड़ेगा।
कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा
सांसद ने राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और दुष्कर्म की घटनाओं में इजाफा हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन मुद्दों पर गंभीरता नहीं दिखा रही है, जिससे आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
मजदूर-किसान मुद्दों पर उठाए सवाल
पप्पू यादव ने नोएडा में मजदूरों पर गोली चलने की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह किसान आंदोलन को दबाया गया, उसी तरह मजदूरों की आवाज को भी दबाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने मांग की कि सांसदों के भत्तों में कटौती की जाए और मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी बढ़ाई जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।
सांप्रदायिक मुद्दों पर भी टिप्पणी
सांसद ने आरोप लगाया कि सरकार हर मुद्दे को भारत-पाकिस्तान की ओर मोड़ देती है और उसे सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि इससे जनता के असली मुद्दों जैसे महंगाई, बेरोजगारी और सुरक्षा से ध्यान भटकाया जा रहा है।