पूर्णिया में गोबर फेंकने को लेकर खूनी संघर्ष, विवादित जमीन पर लाठी-डंडे चले, इलाज के दौरान एक की मौत
पूर्णिया के बनमनखी में गोबर फेंकने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया, जिसमें 50 ...और पढ़ें

पूर्णिया के बनमनखी में घटनास्थल पर जांच-पड़ताल करती पुलिस टीम और एसडीपीओ।
HighLights
गोबर फेंकने के मामूली विवाद ने लिया खूनी संघर्ष का रूप।
बनमनखी में 50 वर्षीय किशोर सुतिहार की हुई मौत।
पुलिस ने FSL टीम के साथ जांच शुरू की, आरोपी फरार।
संस, बनमनखी (पूर्णिया )। पूर्णिया जिले के बनमनखी थाना क्षेत्र अंतर्गत धरहरा चकला भुनाई पंचायत के हरिपुर मादी वार्ड नंबर 01 में सोमवार की सुबह एक बेहद मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।
घर के पीछे गोबर फेंकने के विरोध करने पर दबिया और लाठी से किए गए ताबड़तोड़ हमले में 50 वर्षीय किशोर सुतिहार उर्फ छुतहरू शर्मा की मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने आए जयकुमार सुतियार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज अभी जारी है।
मुंह धोने के दौरान शुरू हुआ था विवाद
मृतक की पुत्रवधू लक्ष्मी देवी ने बताया कि सोमवार की सुबह उनके ससुर किशोर सुतिहार घर के पीछे अपना मुंह धो रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी दशथ सुतिहार ने उनके घर के पीछे गोबर फेंक दिया। जब उनके ससुर ने बदबू फैलने की बात कहकर गोबर फेंकने से मना किया, तो दशरथ सुतिहार गाली-गलौज करने लगा।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दशरथ सुतिहार, उसके बेटे चंदन, कुंदन, नंदन कुमार, अशोक कुमार और छोटू कुमार समेत अन्य लोग वहां आ धमके और सभी ने मिलकर दबिया तथा लाठी-रॉड से किशोर सुतिहार पर हमला कर दिया। उन्हें बचाने दौड़े जयकुमार सुतियार पर भी दबिया से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
डेढ़ साल पुरानी जमीन का विवाद और अस्पताल में मौत
परिजनों ने आनन-फानन में दोनों घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल बनमनखी पहुँचाया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया रेफर कर दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान दोपहर में किशोर सुतिहार की मौत हो गई।
मृतक की पुत्रवधू के अनुसार, किशोर सुतिहार ने घटनास्थल के पास ही करीब डेढ़ साल पहले चार डिसमिल जमीन खरीदी थी, जिसको लेकर पड़ोसी के साथ पहले से भी विवाद और रंजिश चली आ रही थी।
पुलिस और FSL टीम की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) शैलेश प्रीतम, पुलिस अवर निरीक्षक ऋषि यादव और प्रेम रंजन तिवारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL (फॉरेसिंक साइंस लैब) टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए खून लगे दबिया, लाठी और लोहे के रॉड को जब्त कर लिया है।
एसडीपीओ शैलेश प्रीतम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन के विवाद और घर के पीछे गोबर फेंकने को लेकर हुई मारपीट में एक व्यक्ति की मौत की बात सामने आई है। घटना के बाद से सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।