पूर्णिया IG का बड़ा एक्शन : स्मैक व शराब तस्करों से साठगांठ में जोगबनी और श्रीनगर SHO नपे; दो अन्य थानेदार लाइन हाजिर
पूर्णिया IG विवेकानंद ने मादक पदार्थ और शराब तस्करों से सांठगांठ व लापरवाही के आरोप में सीमांचल के चार थाना प्रभारियों पर कड़ी कार्रवाई की है। जोगबनी ...और पढ़ें

पूर्णिया प्रमंडल के पुलिस महानिरीक्षक (IG) विवेकानंद
HighLights
जोगबनी SHO मादक तस्करों से सांठगांठ पर निलंबित।
श्रीनगर SHO शराब तस्करों से संबंध के आरोप में लाइन हाजिर।
दो अन्य SHO तकनीकी ज्ञान के अभाव में हटाए गए।
जागरण संवाददाता, पूर्णिया। मादक पदार्थों और शराब तस्करों से सांठ-गांठ रखना तथा कर्तव्यों में घोर लापरवाही बरतना सीमांचल के चार थाना प्रभारियों को भारी पड़ गया है। पूर्णिया प्रमंडल के पुलिस महानिरीक्षक (IG) विवेकानंद ने संबंधित जिलों के एसपी की रिपोर्ट पर कड़ा रुख अपनाते हुए अररिया के जोगबनी थानाध्यक्ष महादेव कामत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
वहीं, शराब तस्करों से साठगांठ के आरोप में पूर्णिया के श्रीनगर थानाध्यक्ष अमर कुमार को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इसके अलावा तकनीकी ज्ञान और CCTNS दक्षता के अभाव में अररिया के मदनपुर व बरदाहा के थानाध्यक्षों को भी पद से हटाकर लाइन हाजिर किया गया है।
स्मैक तस्करों से अवैध उगाही और डायरी में हेरफेर पर गिरे जोगबनी SHO
अररिया एसपी की रिपोर्ट के अनुसार, जोगबनी के पूर्व थानाध्यक्ष महादेव कामत पर क्षेत्र के स्मैक, गांजा और कोडीन तस्करों से सांठ-गांठ कर अवैध उगाही करने और उनके ठिकानों पर छापेमारी न करने के गंभीर आरोप सिद्ध हुए हैं।
जांच में पाया गया कि उन्होंने एक गिरफ्तार अभियुक्त के अपराध स्वीकारोक्ति बयान को केस डायरी (कांड दैनिकी) में दर्ज न कर तत्कालीन थानाध्यक्ष के बचाव का प्रयास किया था। स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाए जाने पर अनुशासनहीनता और पुलिस की छवि धूमिल करने के आरोप में आईजी ने उन्हें निलंबित कर दिया।
खबरें और भी
श्रीनगर थाने में बैठता था शराब तस्कर, 2 SHO तकनीकी दक्षता न होने से हटे
श्रीनगर (पूर्णिया): श्रीनगर थानाध्यक्ष अमर कुमार का क्षेत्र के चिन्हित शराब तस्करों से घनिष्ठ संबंध उजागर हुआ है। शिकायत मिलने पर हुई जांच में पाया गया कि शराब तस्कर अक्सर थाने में ही बैठा रहता था। आरोप सही पाए जाने पर आईजी ने उन्हें तत्काल लाइन हाजिर कर दिया।
बरदाहा व मदनपुर (अररिया): बरदाहा थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिंह और मदनपुर थानाध्यक्ष शमसुद्दीन अंसारी को CCTNS व तकनीकी ज्ञान के अभाव और असंतोषजनक कार्यशैली के कारण पद से हटाकर लाइन हाजिर किया गया है। आईजी ने एसपी को तकनीकी रूप से दक्ष पदाधिकारियों को पदस्थापित करने के निर्देश दिए हैं।
कसबा थाने के निरीक्षण में पकड़ी गई कागजी बाजीगरी, 25 चार्जशीट अटकी
आईजी विवेकानंद ने कसबा थाने का औचक निरीक्षण किया, जहां पाकेट डिस्पोजल मामले में गंभीर लापरवाही सामने आई। थाने द्वारा जिन 25 मामलों का निष्पादन कागजों पर दिखा दिया गया था, उनकी चार्जशीट (आरोप पत्र) कभी अदालत पहुंची ही नहीं थी। आईजी ने इन सभी मामलों की दोबारा चार्जशीट कोर्ट भेजने का आदेश दिया। साथ ही बीते 6 माह में आए 1500 आम जनता के आवेदनों पर FIR दर्ज न करने पर कड़ी फटकार लगाते हुए सुधार के निर्देश दिए।
अररिया एसपी की रिपोर्ट के बाद जोगबनी के थानाध्यक्ष महादेव कामत को स्मैक तस्करों से साठगांठ के आरोप में निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया गया है। पूर्णिया के श्रीनगर थानाध्यक्ष को शराब तस्करों से साठगांठ के आरोप में लाइन हाजिर किया गया है। भ्रष्टाचार और लापरवाही पर कड़ा एक्शन जारी रहेगा।
विवेकानंद, आईजी, पूर्णिया रेंज