पूर्णिया में दरिंदगी : घास काट कर लौट रही नाबालिग से तीर-धनुष का भय दिखाकर गैंगरेप, पुलिस ने तीनों को दबोचा
पूर्णिया के मरंगा थाना क्षेत्र में घास काट कर लौट रही 14 वर्षीय नाबालिग से तीन युवकों ने तीर-धनुष का भय दिखाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने त्वरित ...और पढ़ें

पूर्णिया में घास काटने गई नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, एसएसपी के निर्देश पर बनी स्पेशल टीम ने तीनों को दबोचा
HighLights
पूर्णिया में 14 वर्षीय नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म की वारदात।
तीर-धनुष का भय दिखाकर तीन युवकों ने किया दुष्कर्म।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
संवाद सूत्र, हारदा (पूर्णिया)। Purnea Minor Gangrape Case Update: पूर्णिया जिले के मरंगा थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली एक वारदात सामने आई है। गुरुवार की दोपहर नहर किनारे घास काट कर अपने घर लौट रही एक 14 वर्षीया नाबालिग लड़की को नशे में धुत्त तीन लड़कों ने तीर-धनुष का भय दिखाकर बंधक बना लिया और सामूहिक दुष्कर्म किया।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण, आरोपी हुए फरार
सुनसान जगह का फायदा उठाकर आरोपियों ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। नाबालिग की चीख-पुकार और रोने की आवाज सुनकर जब तक आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक तीनों आरोपी वहां से भाग निकले थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत कामाख्या ओपी प्रभारी को इस घटना की लिखित जानकारी दी।
एसएसपी के निर्देश पर बनी टीम, दो सगे भाई गिरफ्तार
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर सभी आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस कार्यालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर सदर एसडीपीओ अविनाश परासर के नेतृत्व में गठित टीम ने छापेमारी कर आरोपी रामलाल सोरेन (19) और गोपाल सोरेन (23) को गिरफ्तार कर लिया।
तीसरा आरोपी नाबालिग, जुवेनाइल कोर्ट में पेश
पकड़े गए दोनों मुख्य आरोपी सगे भाई हैं और मरंगा थाना क्षेत्र के हेलमबाग के रहने वाले हैं। इनके अलावा वारदात में शामिल एक अन्य विधि-विरुद्ध बालक (नाबालिग आरोपी) को भी पुलिस ने निरुद्ध किया है। पुलिस ने देर शाम तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद तीनों को अपनी कस्टडी में ले लिया था।
खबरें और भी
वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाई गई FSL टीम
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य और महत्वपूर्ण सबूत एकत्र किए हैं। पीड़ित बच्ची को तुरंत इलाज और मेडिकल जांच के लिए जीएमसीएच (GMCH) में भर्ती कराया गया, जहां महिला डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है।
अदालत में दर्ज हुआ बयान, दोनों आरोपी भेजे गए जेल
मरंगा थानाध्यक्ष कौशल कुमार ने बताया कि पीड़िता का शुक्रवार को कोर्ट में मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज करा दिया गया है। सामूहिक दुष्कर्म के दोनों वयस्क आरोपियों को कड़े पहरे में जेल भेज दिया गया है, जबकि विधि-विरुद्ध बालक को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (बाल न्यायालय) के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।