विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात, बिहार में सक्रिय हुए 4 मौसमी सिस्टम! पूर्णिया में झमाझम हुई बारिश; अगले 48 घंटे भारी

Published: Sat, 05 Sep 2026 09:15 AM (IST)

पूर्णिया में लंबे सूखे के बाद मानसून की वापसी से किसानों को राहत मिली है, जहां पिछले 24 घंटों में ...और पढ़ें

Purnea Weather Update: पूर्णिया में विदाई से पहले मेहरबान हुआ मानसून, 24 घंटे में 20.4 मिमी बारिश; 6 और 7 सितंबर के लिए येलो अलर्ट जारी

Purnea Weather Update: पूर्णिया में विदाई से पहले मेहरबान हुआ मानसून, 24 घंटे में 20.4 मिमी बारिश; 6 और 7 सितंबर के लिए येलो अलर्ट जारी

HighLights

  1. पूर्णिया में लंबे सूखे के बाद हुई भारी बारिश।

  2. धान की सूखती फसलों को मिला जीवनदान, किसान खुश।

  3. अगले 48-72 घंटे भारी बारिश का येलो अलर्ट।

जागरण संवाददाता, पूर्णिया। Purnea Weather Update:  चालू मानसून सीजन में लंबे सूखे और सामान्य से लगभग 40 प्रतिशत कम बारिश की मार झेल रहे सीमांचल के किसानों के लिए मानसून का अंतिम माह संजीवनी बनकर आया है। विदाई से पहले जिले में मानसून पूरी तरह मेहरबान हो गया है। शुक्रवार को दिनभर रुक-रुक कर हुई हल्की से मध्यम फुहारों और करीब आधे घंटे की मूसलाधार बारिश ने पूरे वातावरण में ठंडक घोल दी।

मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में करीब ढाई डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। धान की सूख रही फसलों को इस अमृत वर्षा से भारी संजीवनी मिली है, जिससे किसानों के चेहरे खिल उठे हैं।

  • पूर्णिया में पिछले 24 घंटे के दौरान 20.4 एमएम वर्षा दर्ज, अधिकतम तापमान गिरकर पहुंचा 30.5 डिग्री सेल्सियस

  • सितंबर के पहले हफ्ते में 103 मिमी बारिश, धान की फसलों को मिला जीवनदान; किसानों के चेहरे पर लौटी खुशी

  • बंगाल की खाड़ी के निम्न दबाव और दो ट्रफ लाइन के प्रभाव से अगले 48 से 72 घंटे सक्रिय रहेगा वेदर सिस्टम

  • मौसम विज्ञान केंद्र ने 6 और 7 सितंबर (रविवार व सोमवार) के लिए जारी किया येलो अलर्ट, मध्यम से भारी बारिश के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र पूर्णिया के अनुसार, पिछले 24 घंटों में जिले में 20.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

आंकड़ों के अनुसार, जून से अब तक जिले में सामान्य से काफी कम यानी केवल 700 एमएम वर्षा ही हो सकी थी। लेकिन सितंबर की शुरुआत से ही मौसम का मिजाज बदला है और अकेले इस महीने में अब तक 103 मिमी बारिश हो चुकी है।

चार वेदर सिस्टम एक साथ एक्टिव, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी

पूर्णिया मौसम केंद्र के वैज्ञानिक सहायक राकेश कुमार ने बताया कि इस समय वायुमंडल में एक साथ कई मौसमी प्रणालियां (वेदर सिस्टम) सक्रिय हैं। बंगाल की खाड़ी में एक मजबूत निम्न दबाव का क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) बना हुआ है। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल और पूर्वी बिहार के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) विकसित है।

इसके अलावा, एक मुख्य ट्रफ लाइन उत्तर-पूर्व राजस्थान से बिहार होकर त्रिपुरा तक गुजर रही है, जबकि दूसरी ट्रफ लाइन डाल्टनगंज के रास्ते पास हो रही है। इन प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से बंगाल की खाड़ी से प्रचुर मात्रा में नमी आ रही है, जिससे सीमांचल और कोसी क्षेत्र में झमाझम बारिश का दौर शुरू हुआ है।

6 और 7 सितंबर के लिए येलो अलर्ट, 72 घंटे सक्रिय रहेगा सिस्टम

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यह मौसमी सिस्टम अगले 48 से 72 घंटों तक सक्रिय रहेगा। शनिवार को भी दिनभर आसमान में घने काले बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने का अनुमान है। वहीं, मौसम विभाग ने 6 और 7 सितंबर (रविवार और सोमवार) के लिए जिले में 'येलो अलर्ट' जारी किया है।

इस दौरान अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है। लगातार हो रही बारिश से एक ओर जहां शहरी क्षेत्र के निचले मोहल्लों में जलजमाव की समस्या से नागरिकों को जूझना पड़ रहा है, वहीं धान के खेतों में पानी भर जाने से किसान खाद और निकौनी के काम में तेजी से जुट गए हैं।