Panchayat Delimitation 2026 : पूर्णिया में 2011 की जनगणना के आधार पर होगा पंचायतों का परिसीमन, 10 सितंबर तक लक्ष्य
पूर्णिया के भवानीपुर प्रखंड में 2026 के पंचायत परिसीमन की प्रक्रिया तेज हो गई है, जो 2011 की जनगणना पर ...और पढ़ें

Panchayat Delimitation 2026: नक्शे और मोबाइल ऐप से तय होंगी पंचायतों की नई सीमाएं: भवानीपुर में परिसीमन की कवायद तेज, 10 सितंबर तक पूरा होगा काम
HighLights
पूर्णिया में 2026 पंचायत परिसीमन प्रक्रिया हुई तेज।
2011 की जनगणना आंकड़ों को बनाया गया आधार।
10 सितंबर 2026 तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य।
संवाद सूत्र, भवानीपुर (पूर्णिया)। Panchayat Delimitation 2026: प्रखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायतों एवं पंचायत प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों (वार्डों) के पुनर्गठन और परिसीमन की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसे लेकर बुधवार को प्रखंड प्रमुख सभागार में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनोज कुमार ने की। बैठक में परिसीमन कार्य को पूरी पारदर्शिता, शुद्धता और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बीडीओ मनोज कुमार ने बताया कि संयुक्त निर्वाचन आयुक्त, राज्य निर्वाचन आयोग, बिहार, पटना के निर्देश और पंचायती राज विभाग की 20 जुलाई 2026 की अधिसूचना के आलोक में वर्ष 2011 की जनगणना के आंकड़ों को आधार मानकर परिसीमन की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके तहत प्रखंड की सभी ग्राम पंचायतों और प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों की चौहद्दी व सीमाओं का नए सिरे से निर्धारण किया जाना है।
मोबाइल ऐप पर दर्ज होगा ब्योरा, संतुलन पर रहेगा जोर
बीडीओ ने कहा कि परिसीमन के दौरान जनसंख्या और भौगोलिक क्षेत्र का यथासंभव समान और संतुलित वितरण सुनिश्चित करना अनिवार्य है। इसके लिए संबंधित पंचायतों के उपलब्ध नक्शे के आधार पर मोबाइल ऐप के माध्यम से निर्धारित प्रपत्र एवं बिंदुओं पर सटीक जानकारी दर्ज की जाएगी। उन्होंने कर्मियों को सख्त हिदायत दी कि धरातल पर जनसंख्या और भौगोलिक विवरण का गहन मिलान करने के बाद ही ऐप पर डेटा प्रविष्टि करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की त्रुटि या विवाद की गुंजाइश न रहे।
प्रखंड प्रमुख सभागार में बीडीओ मनोज कुमार की अध्यक्षता में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों व कर्मियों की समीक्षा बैठक
राज्य निर्वाचन आयोग और पंचायती राज विभाग की अधिसूचना के तहत वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर होगा परिसीमन
जनसंख्या और भौगोलिक क्षेत्र के संतुलित वितरण पर जोर; पंचायत के नक्शे के अनुसार मोबाइल ऐप पर दर्ज होगी प्रविष्टि
10 सितंबर 2026 तक कार्य पूरा करने की डेडलाइन; पंचायत सचिव, कार्यपालक सहायक और सर्वे अमीन संभालेंगे मोर्चा
10 सितंबर तक हर हाल में पूरा करना होगा लक्ष्य
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार परिसीमन का यह कार्य हर हाल में आगामी 10 सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कर्मियों को कार्य की गुणवत्ता के साथ-साथ समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि फील्ड में कार्य के दौरान यदि किसी प्रकार की तकनीकी या व्यावहारिक अड़चन आती है, तो तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित कर उसका समाधान निकालें।
परिसीमन कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पंचायत सचिव, पंचायत कार्यपालक सहायक, ग्राम कचहरी सचिव, राजस्व कर्मचारी और सर्वे अमीन की संयुक्त सहभागिता सुनिश्चित की गई है। बैठक में सीमांकन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की तकनीकी जानकारी दी गई। इस अवसर पर कार्यपालक सहायक संतोष कुमार सहित प्रखंड के कई कर्मी उपस्थित रहे।
