Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पूर्णिया के नए SSP शौर्य सुमन का बड़ा एक्शन, पदभार संभालते ही 26 पुलिसकर्मियों का वेतन रोका; 4 DSP से शोकॉज

    Updated: Wed, 24 Jun 2026 08:39 AM (IST)

    पूर्णिया के नए एसएसपी शौर्य सुमन ने पदभार संभालते ही एक्शन लिया, 12 घंटे के भीतर 26 पुलिसकर्मियों का वेतन रोका और 4 डीएसपी से स्पष्टीकरण मांगा। उनके स ...और पढ़ें

    Purnea SSP Action: पूर्णिया के नए कप्तान का खौफ! शाम ढलते ही दफ्तर से गायब मिले 26 पुलिसकर्मी, रोक दी सैलरी

    Purnea SSP Action: पूर्णिया के नए कप्तान का खौफ! शाम ढलते ही दफ्तर से गायब मिले 26 पुलिसकर्मी, रोक दी सैलरी

    HighLights

    1. एसएसपी शौर्य सुमन ने 26 पुलिसकर्मियों का वेतन रोका।

    2. चार डीएसपी से कर्तव्य में लापरवाही पर स्पष्टीकरण मांगा।

    3. शहर में पुलिस की गश्त बढ़ी, सुरक्षा माहौल में सुधार।

    जागरण संवाददाता, पूर्णिया। जिले की कमान संभालते ही पूर्णिया के नए एसएसपी (SSP) शौर्य सुमन पूरी तरह से एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। सोमवार को पदभार संभालने के महज 12 घंटे के भीतर ही उन्होंने कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले पुलिस महकमे पर बड़ा डंडा चलाया है। एसएसपी ने कार्यालय से बिना सूचना गायब पाए गए 26 पुलिस कर्मियों के वेतन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है, जिससे पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

    चार डीएसपी से पूछा- 'कप्तान को रिपोर्ट क्यों नहीं की?'

    एसएसपी शौर्य सुमन ने न सिर्फ निचले स्तर के कर्मियों, बल्कि बड़े अधिकारियों के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने पदभार ग्रहण करने के पहले दिन गायब रहे जिले के चार डीएसपी (DSP) से लिखित स्पष्टीकरण (Show Cause) मांगा है। एसएसपी ने पूछा कि उन्होंने आकर अपने-अपने क्षेत्रों की कानून-व्यवस्था की जानकारी क्यों नहीं दी। इन अधिकारियों में बनमनखी, बायसी और धमदाहा के डीएसपी सहित चार आला अधिकारी शामिल हैं।

    जब कप्तान दफ्तर में, तो कर्मी कैसे नदारद?

    दरअसल, सोमवार की दोपहर पदभार ग्रहण करने के बाद एसएसपी शौर्य सुमन ने एएसपी और सदर, ट्रैफिक व साइबर डीएसपी के साथ समीक्षा बैठक की थी। इसके बाद वे राज्य पुलिस मुख्यालय की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) में शामिल हुए। शाम छह बजे जब वे अपने कार्यालय से बाहर निकले, तो कई पटल (cells) खाली मिले। इस घोर लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए एसएसपी ने कहा कि जब जिले का कप्तान खुद दफ्तर में मौजूद है, तो कर्मी कैसे गायब हो सकते हैं। वेतन रोके गए कर्मियों में आधा दर्जन पुलिस पदाधिकारी भी शामिल हैं जो कई महत्वपूर्ण सेल की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

    थानों का औचक निरीक्षण और मुहर्रम की तैयारियां परखीं

    दफ्तर को दुरुस्त करने के बाद दूसरे दिन मंगलवार को एसएसपी सड़कों पर उतरे। उन्होंने शहरी क्षेत्र के कई थानों का औचक निरीक्षण (Surprise Inspection) किया। एसएसपी का काफिला सबसे पहले के. हाट थाना और फिर मधुबनी थाना पहुंचा। इसके बाद वे सहायक खजांची हाट थाना पहुंचे, जहां उन्होंने मौजूद पुलिस पदाधिकारियों से आगामी मुहर्रम त्योहार की सुरक्षा तैयारियों को लेकर फीडबैक लिया। शाम पांच बजे उन्होंने सदर थाना का भी औचक निरीक्षण किया। एसएसपी ने बताया कि फिलहाल वे जमीनी स्तर पर थानों की कार्यप्रणाली को समझने आए हैं।

    खबरें और भी

    सड़कों पर दिखने लगा नए कप्तान का खौफ, चौक-चौराहों पर मुस्तैद हुई पुलिस

    नए एसएसपी शौर्य सुमन के पदभार ग्रहण करने का सीधा और सकारात्मक असर पूर्णिया की सड़कों पर दिखने लगा है। पूर्व एसपी कार्तिकेय के. शर्मा के कार्यकाल के बाद जो पुलिस सड़कों से लगभग गायब दिख रही थी, वह अब दिन-रात मुस्तैद नजर आ रही है। सोमवार की शाम से ही शहर के हर छोटे-बड़े चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात दिखा और लाल बत्ती लगी गाड़ियां लगातार गश्त कर रही हैं, जिससे आम जनता को शहर में बदले हुए सुरक्षा माहौल का अहसास होने लगा है।