Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    शादी रचाने जा रहा दूल्‍हा पुलिस देख फरार, पूर्ण‍िया में 11 साल पुराना प्रेम मामला खुला, प्रेम‍िका बोली- धोखेबाज है श‍िक्षक

    Updated: Sat, 14 Mar 2026 10:05 PM (IST)

    पूर्णिया के ओरलाहा गांव में एक शिक्षक दूल्हा दूसरी शादी करने जा रहा था, तभी पुलिस पहुंच गई और वह फरार हो गया। उसकी 11 साल पुरानी प्रेमिका ने महिला थान ...और पढ़ें

    पूर्ण‍िया में शिक्षक दूल्हा पुलिस छापे में फरार, प्रेमिका ने कहा- 11 साल से धोखा दिया

    पूर्ण‍िया में शिक्षक दूल्हा पुलिस छापे में फरार, प्रेमिका ने कहा- 11 साल से धोखा दिया

    जागरण संवाददाता, पूर्णिया। जिले के बीकोठी थाना क्षेत्र के ओरलाहा गांव में शुक्रवार को एक दिलचस्प और चौंकाने वाला मामला सामने आया। यहां एक शिक्षक दूल्हा दूसरी शादी रचाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन तभी पुलिस पहुंच गई। पुलिस की जीप देखते ही शादी का माहौल अफरातफरी में बदल गया और दूल्हा घर छोड़कर फरार हो गया।

    दरअसल, युवक की 11 साल पुरानी प्रेमिका ने पूर्णिया महिला थाना में उसके खिलाफ मामला दर्ज कराया था। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और युवक के पैतृक घर पर छापेमारी कर दी। पुलिस की कार्रवाई से पूरे गांव में खलबली मच गई।

    11 साल पुराने प्रेम संबंध का मामला

    मामला लखीसराय जिले की रहने वाली एक युवती और बीकोठी थाना क्षेत्र के ओरलाहा गांव निवासी अजय कुमार से जुड़ा है। दोनों पटना में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उनका प्रेम संबंध शुरू हो गया। बताया जाता है कि दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें भी खाई थीं।

    संघर्ष के दिनों में दोनों एक-दूसरे का सहारा बने रहे। दोनों ने मिलकर बिहार दारोगा की परीक्षा की भी तैयारी की थी। युवती ने लिखित परीक्षा पास कर ली थी, लेकिन इंटरव्यू में सफल नहीं हो सकी। वहीं युवक ने वर्ष 2023 में बीपीएससी के तहत आयोजित शिक्षक भर्ती परीक्षा पास कर ली।

    खबरें और भी

    नौकरी मिलने के बाद बदला व्यवहार

    पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि करीब छह साल पहले युवती ने प्रेमी युवक के भरोसे अपने परिवार तक से दूरी बना ली थी और पटना में उसके साथ रहने लगी थी। लेकिन जब युवक को कसबा में शिक्षक के पद पर स्थायी नियुक्ति मिली, तो उसके व्यवहार में बदलाव आने लगा। धीरे-धीरे वह युवती से दूरी बनाने लगा।

    चार दिन पहले युवती को जानकारी मिली कि युवक 14 मार्च को किसी दूसरी लड़की से शादी करने जा रहा है। इसके बाद युवती ने पहले स्थानीय स्तर पर न्याय की गुहार लगाई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकलने पर वह गुरुवार को पूर्णिया महिला थाना पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।

    पुलिस की छापेमारी, दूल्हा फरार

    महिला थानाध्यक्ष शबाना आजमी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर ली। इसके बाद पुलिस टीम ने बीकोठी स्थित युवक के घर पर छापेमारी की। पुलिस की गाड़ी देखते ही शादी की तैयारियां थम गईं और गिरफ्तारी के डर से आरोपी युवक मौके से फरार हो गया।

    महिला थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता का बयान न्यायालय में धारा 183 के तहत दर्ज कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी महिला की भावनाओं और भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपी युवक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।