पूर्णिया-धमदाहा फोरलेन परियोजना: अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू, विकास को मिलेगी गति
पूर्णिया-धमदाहा फोरलेन सड़क निर्माण के लिए प्रशासन ने अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है। यह परियोजना आवागमन को सुगम बनाएगी और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा ...और पढ़ें

पूर्णिया-धमदाहा फोरलेन परियोजना: अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू, विकास को मिलेगी गति (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, धमदाहा (पूर्णिया)। जिले के वन भाग से धमदाहा के सिंघाड़ा पट्टी चौक तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क निर्माण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए आज से अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू कर दिया है। यह सड़क परियोजना क्षेत्र के लिए एक महत्वाकांक्षी योजना मानी जा रही है, जिससे आवागमन सुगम होने के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
अनुमंडल प्रशासन द्वारा पिछले कई दिनों से लगातार माइकिंग कर अतिक्रमणकारियों को सड़क किनारे से अपने-अपने कब्जे हटाने की चेतावनी दी जा रही थी। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि स्वेच्छा से अतिक्रमण नहीं हटाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत जुर्माना, जब्ती और आवश्यकतानुसार प्राथमिकी दर्ज करने की भी बात कही गई है।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा, जिसमें पहले संवेदनशील और अधिक अतिक्रमित क्षेत्रों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है। अतिक्रमण हटाने के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस बल की भी तैनाती की गई है।
बताते चलें कि इस फोरलेन सड़क निर्माण को लेकर क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री लेशी सिंह ने लगातार प्रयास किया था। उनके प्रयासों का ही परिणाम है कि अब यह परियोजना धरातल पर उतरने जा रही है। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद पूर्णिया से धमदाहा तक की दूरी तय करना न केवल आसान होगा, बल्कि समय की भी काफी बचत होगी।
खबरें और भी
स्थानीय लोगों का मानना है कि इस सड़क के बनने से व्यापार, परिवहन और क्षेत्रीय विकास को नया आयाम मिलेगा। हालांकि, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर कुछ लोगों में असंतोष भी देखा जा रहा है, लेकिन प्रशासन का कहना है कि विकास कार्यों के लिए यह कदम जरूरी है।
फिलहाल, प्रशासन की निगरानी में अभियान शुरू हो चुका है और आने वाले दिनों में सड़क निर्माण कार्य में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।