विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 21, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

MTS Exam फर्जीवाड़े का मास्टरमाइंड पटना से गिरफ्तार, पुलिस ने उगलवाए कई चौंकाने वाले राज

Published: Fri, 21 Mar 2025 07:04 PM (IST)

गिरफ्तार सरगना रोशन कुमार उर्फ रोशन मुखिया नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र इतासंग गांव का रहने वाला है। उसका ...और पढ़ें

एमटीएस परीक्षा का मास्टरमाइंड दबोचा गया (जागरण)
एमटीएस परीक्षा का मास्टरमाइंड दबोचा गया (जागरण)

HighLights

  1. नवंबर 2024 में शहर के गुलाबबाग केंद्र पर फर्जीवाड़े का हुआ था खुलासा
  2. 12 फर्जी परीक्षार्थी समेत 31 आरोपित हुए थे गिरफ्तार, सरगना की चल रही थी तलाश
  3. नालंदा निवासी सरगना पटना व सहरसा में केंद्र खोल रेलवे की परीक्षा में करने वाला था फर्जीवाड़ा

जागरण संवाददाता, पूर्णिया। Purnia News: नवंबर 2024 को कर्मचारी चयन आयोग, मध्य क्षेत्र प्रयागराज द्वारा शहर के गुलाबबाग स्थित केंद्र पर आयोजित एमटीएस की परीक्षा में फर्जीवाड़े के सरगना को साथी समेत  पूर्णिया पुलिस ने पटना से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों की गिरफ्तारी पटना से हुई है। अब दोनों से कड़ाई से पूछताछ जारी है।

लैपटॉप, मोबाइल, एग्रीमेंट पेपर समेत कई संदिग्ध सामान बरामद

गिरफ्तार सरगना रोशन कुमार उर्फ रोशन मुखिया नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र इतासंग गांव का रहने वाला है। उसका साथी राहुल राज जो फर्जीवाड़े में आर्थिक मदद करता था, वह भी नालंदा जिले के ही नूरसराई थाना क्षेत्र के केवाईडीह गांव का रहने वाला है।

गिरफ्तार आरोपितों के पास से पुलिस ने एक लैपटॉप, तीन मोबाइल, चार फर्जी प्रमाण पत्र, 16 एग्रीमेंट पेपर व एक यूएसबी पोर्ट समेत अन्य सामान बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा ने आरोपितों की गिरफ्तारी के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि गुलाबबाग केंद्र पर चल रही परीक्षा के दौरान पुलिस को यह सूचना मिली थी कि इसमें एक गिरोह द्वारा सेटिंग के जरिए फर्जी परीक्षार्थी को बैठाकर वास्तविक परीक्षार्थी को पास कराते हैं।

साथ ही इस एवज में मोटी रकम वसूली जाती है। इस सूचना पर पुलिस की विशेष टीम ने वहां छापेमारी की थी और 12 फर्जी परीक्षार्थी समेत कुल 31 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया था। साइबर थाना में इस संबंध की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस जांच में यह बात सामने आयी कि इस गिरोह का सरगना रोशन कुमार उर्फ रोशन मुखिया है और उसका मुख्य साथी राहुल राज है।

पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी

पुलिस दोनों की तलाश में जुटी हुई थी और आरोपितों के घर इश्तेहार भी चस्पा किया गया था। इसी क्रम में पुलिस को यह सूचना मिली कि दोनों फरार आरोपितों द्वारा पटना व सहरसा में अलग-अलग केंद्र खोल रेलवे की एएमटी की होने वाली परीक्षा में एमटीएस परीक्षा की तर्ज पर ही फर्जीवाड़ा कर रहा है। पटना में आरोपितों की गिरफ्तारी व उसके पास से बरामद सामग्रियों से इस बात की पुष्टि भी हो चुकी है।

पुलिस ने आरोपितों के पास से कई एग्रीमेंट पेपर, प्रमाण पत्र व दस-दस लाख का चेक भी बरामद किया है, जो आरोपितों ने रेलवे की परीक्षा के लिए छात्रों से लिया है। एसपी ने बताया कि इस कार्य में आरोपितों के साथ दो-तीन और लोग शामिल हैं, जिनकी पहचान भी हो चुकी है।

साथ ही उन आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी में साइबर थाना के पुनि नीरज कुमार व डीआइयू की टीम की अहम भूमिका रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।