पूर्णिया में आवारा कुत्तों का आतंक, दर्जनों बकरियों को नोच खाया; किसान पर भी हमला
पूर्णिया के मोहनपुर थाना क्षेत्र में आवारा कुत्तों के झुंड ने एक किसान की दर्जनों बकरियों को मार डाला। कुत्तों ने किसान और उसके बेटे पर भी हमला किया। ...और पढ़ें

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई सांकेतिक फोटो।
HighLights
आवारा कुत्तों ने दर्जनों बकरियों पर हमला कर मार डाला।
कुत्तों ने किसान और बेटे पर भी किया जानलेवा हमला।
स्थानीय नेताओं ने पीड़ित किसान के लिए मुआवजे की मांग की।
संवाद सूत्र, रूपौली। मोहनपुर थाना क्षेत्र के नाथपुर पंचायत के भूस्करा बहियार में आवारा कुत्तों ने दर्जनों बकरियों पर हमला करके उनकी जान ले ली है, इससे पीड़ित किसान का रो-रोकर बुरा हाल है।
कुत्तों के झुंड ने मवेशी पालक किसान पिता-पुत्र को भी निवाला बनाने के लिए हमला किया था, परंतु वे किसी प्रकार बच निकले।
इस संबंध में नाथपुर ग्राम निवासी पीड़ित किसान मवेशी पालक शंभु प्रसाद यादव ने बताया कि वह और उनके बड़े बेटे सौरभ कुमार के साथ बासा पर सोये हुए थे और सभी बकरियां एक टीन वाले फूस के घर में बंधी हुई थी।
रात 3 बजे कुत्तों के झुंड ने किया हमला
रात के करीब 3 बजे कुत्तों के झुंड ने उनके सभी बकरियों पर हमला कर दिया, बकरियों के चिल्लाने की आवाज सुनकर, वे दोनों जगे और जैसे ही बकरियों को बचाने के लिए दौड़े कि आवारा कुत्तों के झुंड ने इन दोनों पर भी हमला कर दिया।
वे दोनों किसी तरह जान बचाकर गांव की तरफ भाग कर आए और कुछ लोगों को साथ लेकर लाठी-डंडा लेकर बकरियों को बचाने के लिए बासा पर पहुंचे। जब तक वे लोग बथान पर पहुंचे, तब तक कुत्तों ने लगभग सभी बकरियों को मार दिया था, सिर्फ 1 बकरी का बच्चा इस घटना में बच पाया था।
कुत्तों का आतंक आए दिन क्षेत्र में काफी ज्यादा बढ़ गया है, जिससे लोग काफी भयभीत हैं। मौके पर मुखिया विजय कुमार मंडल, पंचायत समिति सदस्य अनंत कुमार आनंद ने दुःख व्यक्त करते हुए सरकार से पीड़ित किसान मवेशी पालक को मुआवजा देने की मांग की है ।