रोहतास में गायिका राधिका कुमारी की गोली मारकर हत्या, सड़क किनारे मिला शव
चेनारी थाना क्षेत्र के सबराबाद-तेलारी मार्ग पर 18 वर्षीय गायिका राधिका कुमारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। ...और पढ़ें
-1785200684083_m.webp)
घटनास्थल पर जांच को पहुंची पुलिस। (जागरण)
HighLights
चेनारी में 18 वर्षीय गायिका राधिका कुमारी की हत्या।
सबराबाद-तेलारी मार्ग पर मिला गोली लगा शव।
पुलिस हत्या के कारणों और अपराधियों की जांच में जुटी।
जागरण टीम, चेनारी/ नोखा (रोहतास)। चेनारी थाना क्षेत्र के सबराबाद-तेलारी मार्ग पर कराकट फैक्ट्री के समीप रविवार की देर रात अज्ञात अपराधियों ने 18 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या कर दी।
मृतका की पहचान नोखा थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गांव निवासी संजय पासवान की पुत्री राधिका कुमारी के रूप में हुई है। राधिका पेशे से गायिका थी और हाल ही में बक्सर से एक म्यूजिक एल्बम की शूटिंग पूरी कर लौटी थी।
सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे घटनास्थल पर शव पड़ा देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल से पुलिस ने एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। शुरुआत में पहचान न होने पर इंटरनेट मीडिया के माध्यम से खबर प्रसारित की गई, जिसके बाद स्वजनों ने पहुंचकर शव की शिनाख्त की।
रविवार रात को ही देखा गया था शव
ग्रामीणों के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे नदी पुल के पास स्थित मिल से काम कर लौट रहे मजदूरों ने सड़क किनारे शव देखा था, लेकिन डर के कारण किसी को जानकारी नहीं दी।
सुबह खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी एक विप्लव कुमार व चेनारी थानाध्यक्ष दिनेश मालाकार पुलिस बल के साथ पहुंचे।
एफएसएल की टीम को बुलाकर घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए। थानाध्यक्ष के अनुसार मृतका के पिता के बयान के आधार पर प्राथमिकी गई है। स्वजनों के मुताबिक राधिका करीब एक माह पूर्व घर से निकली थी।
पुलिस हत्या के कारणों व अपराधियों की पहचान के लिए सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। वहीं, सासाराम सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया।
जैसे ही राधिका का शव उसके पैतृक गांव नोखा थाना क्षेत्र के दुर्गापुर पहुंचा, स्वजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
यह भी पढ़ें- अररिया में फर्जी ITR से करोड़ों का लोन, बैंक ऑफ बड़ौदा ने 46 पर दर्ज कराया केस